ज़ी मीडिया ब्यूरो/बिमल कुमार नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव की मतगणना में अभी तक आए रुझान में बीजेपी गठंधन तीन सौ से अधिक सीटों पर आगे है। केंद्र में अब नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बननी तय है। भारी जीत की आहट से बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
भाजपा मुख्यालय पर उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर पटाखे चलाते और मिठाइयां बांटते दिखे। अशोक रोड स्थित मुख्यालय में मिठाइयों के अलावा ‘नमो चाय’ भी पिलाई जा रही है और खुश कार्यकर्ता एक दूसरे को गुलाल लगा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के इतिहास में अब तक भाजपा को सबसे अधिक सीट मिलने की संभावना से उत्साहित पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह जनता और पार्टी की विजय है। यह नरेन्द्र मोदी की विजय है। नकवी के अलावा भाजपा मुख्यालय में रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावडेकर और बलबीर पुंज भी जश्न में शामिल हुए। पार्टी की प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीत से कहीं ज्यादा, यह हमारे लिए जिम्मेदारी है। हमारे लिए यह याद रखना जरूरी है कि यह विजय इसलिए मिली कि जनता ने हममें विश्वास जताया और वह कांग्रेस को सत्ता से बाहर करना चाहती थी। उधर, मुंबई में लोकसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल है। ढोल नगाड़ों के साथ मुख्यालय में जमकर लड्डू बांटे जा रहे हैं।
First Published: Friday, May 16, 2014, 11:35