ज़ी मीडिया ब्यूरो/बिमल कुमार नई दिल्ली : बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने अब कास्ट कार्ड भी खेल दिया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि नीची जाति में पैदा होना क्या गुनाह है।
मोदी ने मंगलवार को सोशल नेटवर्किेंग साइट ट्वीटर पर प्रियंका को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि `नीच राजनीति` ही लोगों के आंसू को ही पोछेगी। वे लोग (कांग्रेस) मेरी राजनीति को नीच राजनीति ही कहेंगे। बीजेपी नेता ने कहा कि मैं भी सामाजिक रूप से निचले वर्ग से हूं। नीच राजनीति ही अब देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाएगी। नीच राजनीति ही 60 सालों के कुशासन को खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि निचली जातियों का त्याग और बलिदान इस देश के लिए काफी अहम रहा है।
गौर हो कि प्रियंका गांधी ने बीते दिनों अमेठी में नरेंद्र मोदी पर नीच राजनीति करने का आरोप लगाया था। प्रियंका गांधी ने यह कहते हुए नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था कि उन्होंने अमेठी में अपनी रैली के दौरान उनके शहीद पिता राजीव गांधी का अपमान किया है। प्रियंका ने मोदी अब निचले स्तर की राजनीति करने में जुट गए हैं। प्रियंका ने कहा कि इन्होंने अमेठी की धरती पर मेरे शहीद पिता का अपमान किया है। अमेठी की जनता इस हरकत को कभी माफ नहीं करेगी। इनकी नीच राजनीति का जवाब मेरे बूथ के कार्यकर्ता देंग़े, अमेठी के एक-एक बूथ से जवाब आएगा।
इससे पहले, अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मति ईरानी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर अहंकार की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जब राजीव गांधी कांग्रेस महासचिव थे तो उन्होंने हवाई अड्डे पर आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री टी अंजैया को सरेआम गाली दी थी और उनका अपमान किया था। अंजैया 1980 से 1982 के बीच आंध्र के मुख्यमंत्री थे। उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से भावनात्मक संवाद कायम करने की कोशिश करते हुए मोदी ने कहा कि उनका ‘गौरव’ अमेठी के लोगों के हाथों में है। इसके बाद से नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी के बीच जुबानी जंग अब काफी तेज हो गई है।
इससे पहले, अमेठी में स्मृति ईरानी के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि मेरा सम्मान आपके हाथ में है। एक सेवक का सम्मान, एक गरीब मां के बेटे का सम्मान, एक चाय बेचने वाले का सम्मान आपके हाथों में है। मोदी ने आरोप लगाया कि सोनिया और राहुल ने गरीबों को ‘धोखा’ दिया है और वे चिंतित हैं क्योंकि उन्हें आश्चर्य हो रहा है कि ‘एक गरीब मां का बेटा’ और एक ‘चाय बेचने वाला’ आखिर ‘शासकों’ को चुनौती कैसे दे सकता है। मोदी ने गांधी परिवार पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद अब यहां कांग्रेस वोटों को खरीदने की कोशिश करेगी।
First Published: Tuesday, May 6, 2014, 10:28