
इन्दौर : फिल्म अभिनेत्री और मेरठ लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी नगमा ने कहा कि देश में नरेन्द्र मोदी की कोई हवा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मोदी की हवा होती तो मोदी खुद सुरक्षित सीट से चुनाव नहीं लड़ते बल्कि ऐसी सीट से लड़ते जहां से भाजपा 35-40 सालों से चुनाव न जीती हो।
इन्दौर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सत्यनारायण पटेल के समर्थन में मंगलवार की रात यहां परदेशीपुरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नगमा ने कहा, भाजपा वाले कह रहे हैं कि नरेन्द्र मोदी की हवा है। मैं कहती हूं कोई हवा नहीं है। मोदी की हवा होती तो वह खुद सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ते बल्कि मेरी तरह ऐसी सीट से चुनाव लड़ते जहां से उनकी पार्टी 35-40 सालों से चुनाव न जीती हो। तब समझ में आता कि 56 इंच का सीना वाकई में 56 इंच का है। उन्होंने कहा कि भाजपा की एक फेंकू एक्सप्रेस गुजरात से चलती है तो दूसरी फेंकू एक्सप्रेस मध्यप्रदेश से चलती है।
मध्यप्रदेश को घोटालों और महिला अपराध के मामले में नंबर एक प्रदेश बताते हुए नगमा ने राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा। उन्होंने कहा, मैं तो केवल तीन मामाओं को जानती हूं। शकुनि मामा, कंस मामा और शिवराज मामा। शिवराज मामा अपनी भांजियों की हिफाजत नहीं कर पा रहे हैं। प्रदेश में चार साल की बच्ची तक से बलात्कार हो रहा है। अपराध दर और बलात्कार के मामले में मध्यप्रदेश देश में पहले नंबर है। उन्होंने कहा कि घोटालों में भी मध्यप्रदेश कमतर नहीं है। यहां खनन घोटाला, पेंशन घोटाला, सुगनीदेवी कॉलेज जमीन घोटाला और सबसे ताजा व्यापमं घोटाला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि व्यापमं घोटाले से प्रदेश के 78 लाख परिवार प्रभावित हुए हैं।
प्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और उनके समर्थक भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में आयोजित इस सभा में कांग्रेस नेत्री नगमा ने व्यापंम घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की कांग्रेस की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, यदि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री यह मानते हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने वाली है तो वे किस बात से डर रहे हैं। मुख्यमंत्री क्यों नहीं व्यापंम घोटाले की जांच सीबीआई से करवाते।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भष्ट्राचार चरम पर है। यहां कर्मचारियों के घरों में छापा पड़ता है तो लाखों-करोड़ों रुपये निकलते है यदि मंत्रियों के घरों पर छापा पड़े तो क्या कुछ नहीं निकलेगा। प्रदेश के कई मंत्री लोकायुक्त की जांच के घेरे में पहले से ही हैं।
नगमा ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस जात.पात के आधार पर बंटवारा नहीं करती बल्कि सभी वर्गौं, सम्प्रदायों और धर्मो को साथ लेकर देश का विकास करती है। कांग्रेस की नीतियों के कारण ही मोबाइल, कम्प्यूटर, दो पहिया वाहन आदि आज लोगों की दैनिक जररत हैं और आसानी से उपलब्ध हैं जबकि पहले इन्हें विलासिता का सामान माना जाता था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों को मनरेगा, सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, 18 साल के युवकों को वोट का अधिकार, भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास कानून, तथा भष्ट्राचार के खिलाफ जनलोकपाल जैसे सुधारवादी और विकासशील कार्यक्रम दिये हैं इसलिये देश के विकास के लिये कांग्रेस ही बेहतर सरकार दे सकती है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 16, 2014, 12:16