20 या 21 मई को पीएम पद की शपथ लेंगे मोदी

20 या 21 मई को पीएम पद की शपथ लेंगे मोदी ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : गुजरात के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार आगामी 20 या 21 मई को पीएम पद का शपथ ले सकते हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक 17 मई को होगी। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एनडीए की बैठक होगी जिसमें सरकार बनाने की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

भाजपा लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। भाजपा गठबंधन 327 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि भाजपा खुद के दम पर सरकार बनाती दिख रही

है। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार बड़ोदरा और वाराणसी दोनों सीटों से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता हार का सामना कर रहे हैं।

भाजपा मुख्यालय पर उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर पटाखे चलाते और मिठाइयां बांटते दिखे। अशोक रोड स्थित मुख्यालय में मिठाइयों के अलावा ‘नमो चाय’ भी पिलाई जा रही है और खुश कार्यकर्ता एक दूसरे को गुलाल लगा रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के इतिहास में अब तक भाजपा को सबसे अधिक सीट मिलने की संभावना से उत्साहित पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह जनता और पार्टी की विजय है। यह नरेन्द्र मोदी की विजय है। नकवी के अलावा भाजपा मुख्यालय में रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावडेकर और बलबीर पुंज भी जश्न में शामिल हुए।

पार्टी की प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीत से कहीं ज्यादा, यह हमारे लिए जिम्मेदारी है। हमारे लिए यह याद रखना जरूरी है कि यह विजय इसलिए मिली कि जनता ने हममें विश्वास जताया और वह कांग्रेस को सत्ता से बाहर करना चाहती थी। उधर, मुंबई में लोकसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल है। ढोल नगाड़ों के साथ मुख्यालय में जमकर लड्डू बांटे जा रहे हैं।
First Published: Friday, May 16, 2014, 13:48
First Published: Friday, May 16, 2014, 13:48
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?