
हरदोई : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के विकास के दावे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मोदी के राज्य गुजरात में सात हजार किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी है।
सपा मुखिया ने सोमवार को यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘देश में सबसे महंगी खाद गुजरात में बिक रही है। वहां मोदी के राज में 7000 से अधिक किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी।’ मुलायम ने मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में कहा कि देश में सबसे खराब हालत मुसलमानों की है और सपा छोड़कर कोई भी राजनीतिक दल उनकी दशा सुधारने की दिशा में कोई सार्थक प्रयास नहीं कर रहा।
सपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि केवल उनकी पार्टी ही मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोक सकती है। उन्होंने अपना यह दावा दोहराया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा अथवा कांग्रेस को बहुमत मिलने वाला नहीं है। तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी, जिसमें सपा सबसे बड़ी पार्टी होगी।
मुलायम ने मुसलमानों को आरक्षण दिये जाने का वादा दोहराया और सरकारी कर्मचारियों की अवकाश प्राप्ति की उम्र बढ़ाए जाने तथा किसानों को ब्याज रहित कर्ज दिए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने पुत्र अखिलेश के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई और दावा किया कि दो साल के भीतर ही चुनाव में किए गए अधिकांश वादे पूरे कर दिए गए हैं।
मुलायम ने अखिलेश सरकार द्वारा चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, `‘हालांकि दूसरे राज्य भी उत्तर प्रदेश की नकल कर रहे हैं। मगर बावजूद इसके इतनी अच्छी योजनाएं शुरू नहीं कर पा रहे है।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, April 21, 2014, 17:43