
आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को पूर्वांचल की आजमगढ़ लोकसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल किया।
यादव ने जिलाधिकारी: जिला निर्वाचन अधिकारी नीना शर्मा के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ राज्य के पंचायती राज मंत्री बलराम यादव तथा उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगी ओमप्रकाश सिंह भी मौजूद थे।
तीन सेट में नामांकन दाखिल करने वाले यादव के प्रस्तावकों में बेचई सरोज, अभय नारायण पटेल तथा वसीम अहमद शामिल थे। नामांकन करने के बाद सपा मुखिया ने आजमगढ़ में ‘रोड-शो’ भी किया। उनका काफिला शहर के सिधारी, नरौली, सिविल लाइंस, मातबरगंज, चौक तथा तकिया होते हुए आईटीआई मैदान पर पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यादव का जगह-जगह स्वागत किया।
गौरतलब है कि यादव मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ रहे हैं जहां आगामी 24 अप्रैल को मतदान होना है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 22, 2014, 20:23