ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरिराज सिंह के बयान की जमात उलेमा-ए-हिंद के मौलाना महमूद मदनी ने आलोचना की है। मदनी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा है कि गिरिराज सिंह जैसे लोग और उनकी सोच के लोग पाकिस्तान में बहुत हैं और उन्हें ही वहां (पाकिस्तान) भेज देना चाहिए। मदनी ने कहा कि भारत सिर्फ गिरिराज सिंह का ही नहीं है बल्कि यह हम सबका है और हम यहीं जन्मे है और यही मरेंगे।
दूसरी तरफ फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुकर्रम ने कहा कि सांप्रदायिक भाषा बोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होने कहा कि प्रवीण तोगड़िया जैसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें जेल में भेजा जाना चाहिए।
गौर हो कि बिहार भाजपा के नेता गिरिराज सिंह के खिलाफ झारखंड पुलिस ने उनके उस भड़काऊ टिप्पणी के लिए एक प्राथमिकी दर्ज की जिसमें उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी का विरोध करने वालों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इसको लेकर पार्टी नेतृत्व ने उनकी खिंचाई भी की थी। गिरिराज के इस बयान को उत्तेजक मानते हुए चुनाव आयोग के निर्देश पर देवघर जिले के मोहनपुर थाने ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में चुनाव अयोग ने झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी से गिरिराज के विवादित बयान की रिकार्डेड सीडी मांगी है ताकि इसकी पड़ताल की जा सके।
देवघर एसडीएम एवं उप निर्वाचन अधिकारी जय ज्योति सामंत ने कहा कि प्राथमिकी गिरिराज के खिलाफ प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है। देवघर के पुलिस अधीक्षक राकेश बंसल ने कहा कि सामंत के निर्देश पर प्राथमिकी मोहनपुर थाने में दर्ज की गई है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Monday, April 21, 2014, 12:55