
कानपुर : मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी का भय दिखाने वाली पार्टियों को करारा जवाब देते हुये पार्टी के नेता और शहर से पार्टी प्रत्याशी मुरली मनोहर जोशी ने मंगलवार को कहा कि मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी से कतई डरना नही चाहिये क्योंकि वह इस देश के राष्ट्रभक्त नागरिक है और पार्टी की जिन जिन राज्यों में सरकार है वहां हिन्दू मुस्लिम दंगे नही होते हैं।
भाजपा नेता ने आज एक साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने इस बात का जिक्र करते हुए कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कभी भी दंगे नही हुये कहा कि मुसलमानों को भाजपा से नही बल्कि अल्लाह से डरना चाहिये। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से देश की जनता बदलाव चाहती है उससे तो लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी अपने अकेले दम पर ही सरकार बनाने के जादुई आंकड़े तक पहुंचने की तरफ बढ़ रही है लेकिन राजग के साथियों के साथ पार्टी तब भी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस के पिछले दस साल के शासन को तबाही का दशक (डिकेड आफ डिस्ट्रक्शन) की संज्ञा दी।
एक भाजपा नेता के चुनाव के बाद पाकिस्तान भेजे जाने के बयान पर उन्होंने साफ किया कि यह किसी की अपनी निजी राय हो सकती है। इसका भारतीय जनता पार्टी से कोई लेना देना नही है। भाजपा सबको एक साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। जोशी ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक ज्यादातर दंगे कांग्रेस पार्टी ने करवाए। अभी हाल में हुये मुजफफरनगर दंगे किसने करवाये यह देश जानता है। कांग्रेस समेत सभी पार्टियां मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी का डर दिखा कर बस उनका वोट हासिल करना चाहती है। उन्होने सवाल किया कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश में जब सरकार थी तब कहां कहां दंगे हुए। भाजपा नेता ने कहा कि आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, राजस्थान आदि राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। क्या आप को कही से दंगे की कोई खबर सुनाई देती है।
कानपुर से लोकसभा प्रत्याशी जोशी ने कहा कि मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी से कतई डरना नही चाहिये क्योंकि वह भी देश के एक सच्चे राष्ट्रभक्त नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर वह अपने को सुरक्षित समझें क्योंकि पार्टी कभी दंगो को बढ़ावा नहीं देती है। मुसलमान किसी पार्टी के बहकावें में न आयें अगर उन्हें डरना ही है तो वह अल्लाह से डरें न कि भाजपा से। उनसे पूछा गया कि अभी भाजपा के एक नेता ने चुनाव बाद पाकिस्तान भेजने की बात की थी इस पर जोशी ने कहा कि वह उनकी निजी राय हो सकती है यह भारतीय जनता पार्टी की राय नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के राज्य में सभी धर्मों, जातियों चाहे वह हिन्दू हो या मुसलमान, सिख हों या इसाई सब मिलजुलकर आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं।
जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले दस साल में देश को बरबाद कर दिया है इसलिये जिस तरह की बदलाव की हवा चल रही है उससे तो लगता है कि भाजपा अपने दम पर सरकार बनने का जादुई आंकड़े की तरफ बढ़ रही है। यह पूछे जाने पर कि अगर भाजपा अपने दम पर सरकार बनायेगी तो राजग का क्या होगा, उन्होंने कहा कि राजग के जो साथी हमारे साथ थे वह हमारे साथ हमेशा रहेंगे चाहें हमारी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिल जाये तब भी। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव इस समय सबसे बड़ा मुददा है। वह कांग्रेस के कुशासन से परेशान है जिसने हर मोर्चे पर देश को तबाह कर दिया है। कांग्रेस के पिछले दस साल के शासन को तबाही का दशक (डिकेड आफ डिस्ट्रक्शन) कहा जाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने चाहे वह आर्थिक स्थिति (इकोनामिक्स सिस्टम) सुरक्षा की स्थिति (सिक्यूरिटी सिस्टम) चाहे वह शिक्षा का मामला हो सब कुछ तबाह कर दिया है। यहां तक की न्यायपालिका और मीडिया को भी नहीं छोड़ा है।
जोशी कहते है कि कांग्रेस ने समाज को बुरी तरह से बांट दिया है। असली मुल्क को तोड़ने वाली तो कांग्रेस ही है। जिसने देश को तोड़ने के साथ साथ जनता को मंहगाई की वजह से परेशान कर रखा है अब जब कांग्रेस भाजपा को सत्ता सौंपने जा रही है तो विरासत में भारी मंहगाई और खस्ता हाल अर्थव्यवस्था सौपने जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 22, 2014, 16:34