लखनऊ: दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा देने का विरोध करने वाले अपने बेतुके बयान पर समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया।
संभल में आज एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुलायम ने कहा कि मेरी बात को गलत ढंग से पेश किया गया। मैंने निर्दोषों को न फंसाए जाने की बात कही थी। कई बार निर्दोष युवकों पर दुष्कर्म के झूठे मुकदने दर्ज करा दिए जाते हैं। यादव ने कहा कि मेरा कहने का मतलब था कि जो दुष्कर्म के दोषी हों उन्हें ही सजा मिले।
उन्होंने कहा कि सपा हमेशा से महिलाओं का सम्मान करती रही है और आज महिलाओं का सबसे ज्यादा सम्मान सपा में ही है। इससे पहले मुराबादाद में गुरुवार को एक चुनावी सभा के दौरान मुलायम ने कहा था कि दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा देना उचित नहीं है। लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। सपा सत्ता में आई तो इस कानून में बदलाव करेगी। ऐसा माना जा रहा है कि बयान की चौतरफा आचोलना होने के बाद मुलायम ने यह सफाई दी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 11, 2014, 16:35