ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर निजी हमला बोलते हुए असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन के लिए भारत रत्न की मांग करते हुए उन्हें त्याग और दर्द का प्रतीक बताया। गोगोई ने गुवाहाटी में कहा कि अगले 10 दिन में, मैं जशोदाबेन को भारत रत्न देने की सिफारिश करने वाला पत्र लिखने जा रहा हूं। मैं उन्हें सैकड़ों बार सलाम करता हूं। वह महान भारतीय नारीवाद की प्रतीक और महान महिला हैं।
उन्होंने कहा कि वह केवल भारत के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए त्याग और दर्द की प्रतीक हैं। गोगोई ने टिप्पणी की, उन्हें उनकी मौन पीड़ाओं के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए और शायद देश में किसी को भी उनके दर्द का अहसास नहीं है।
गोगोई ने कहा कि जशोदाबेन असली संन्यासिन हैं। कांग्रेसी नेता ने दावा किया, यह चुनावी मुददा नहीं बल्कि मानवीय मुददा है। गौर हो कि मोदी ने गुजरात की वडोदरा लोकसभा सीट से नामांकन भरते हुए पर्चे में जशोदाबेन को अपनी पत्नी बताया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Monday, April 14, 2014, 09:24