
कासरगोड़ (केरल) : रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी पर नया हमला बोलते हुए नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि उनके नेतृत्व के दौरान देश का रक्षा क्षेत्र गंभीर रूप से पीड़ित रहा है और इसके लिए उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए। मोदी ने रक्षा मंत्री पर हमला बोलने के लिए इतालवी मरीनों और पाकिस्तानी सेना के द्वारा भारतीय सैनिक का सिर काटे जाने का मुद्दा भी उठाया।
नौसैन्य पनडुब्बियों और जहाजों की दुर्घटनाओं के बाद नौसेना प्रमुख एडमिरल डी. के. जोशी के इस्तीफे की ओर इशारा करते हुए मोदी ने चुनावी रैली के दौरान कहा कि भारतीय रक्षा बलों को इस अवधि में उत्कृष्ट उपकरण नहीं मिले हैं। और एंटनी को इस बात के लिए जनता को जवाब देना चाहिए।
केरल के उत्तरी जिले में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के. सुरेंद्रन की सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा, भारत की बड़ी समुद्र तटीय रेखा की सुरक्षा कैसे हो सकती है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? भाजपा के नेता लाल कृष्ण आडवाणी भी केरल की राजधानी में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए केरल में ही मौजूद हैं।
मोदी ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने हमारे सैनिकों के सिर काटकर उनकी हत्या कर दी। हमारे रक्षा मंत्री ने संसद में कहा कि आतंकी पाकिस्तानी सेना की वर्दी में आए और उन्होंने जवानों की हत्या कर दी। एंटनी के बयान ने पाकिस्तानी सेना की मदद की और हमारे जवान इस बयान से नाखुश थे। पाकिस्तानी मीडिया ने एंटनी की बहुत तारीफ की थी। इससे पहले जम्मू में दिए भाषण के दौरान मोदी ने एंटनी को पाकिस्तानी एजेंट और लोगों का दुश्मन बताया था।
केरल तट पर दो इतालवी मरीनों द्वारा दो भारतीय मछुआरों की हत्या का मामला उठाते हुए मोदी एक बार फिर से एंटनी और केरल मुख्यमंत्री ओमान चांडी से जानना चाहते थे कि इन दोनों को किस जेल में रखा गया है? उन्होंने पूछा, मैं उनसे यह पूछना चाहता हूं कि दोनों इतालवी किस जेल में बंद हैं? मोदी ने पहले आरोप लगाया था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मरीनों को भारत छोड़ने में मदद की। चांडी ने मोदी के आरोपों को आधारहीन बताया।
मोदी ने केरल के लोगों को ‘विशु’ (नववर्ष) की बधाई देकर अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा, हम एक कमजोर सरकार नहीं चाहते। हम एक मजबूत सरकार चाहते हैं और आपको देश में 300 से ज्यादा कमल खिलाकर इसे सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलेगी। कुछ राज्यों में वह दो अंकों में भी नहीं आने वाली। चुनावी नतीजों के बाद आप देखेंगे कि कांग्रेस पार्टी की सीटों की संख्या तीन अंकों तक नहीं पहुंच पाएगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 8, 2014, 14:44