मुरली मनोहर जोशी का यू-टर्न, बोले-मेरे और मोदी के बीच कोई मतभेद नहीं

मुरली मनोहर जोशी का यू-टर्न, बोले-मेरे और मोदी के बीच कोई मतभेद नहीं ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

कानपुर : वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने सोमवार को उन रिपोर्टों को खारिज करने का प्रयास किया जिनमें उन्हें यह कहते हुए पेश किया गया है कि देश में कोई मोदी लहर नहीं है। साथ ही उन्होंने यू-टर्न लेते हुए दोनों (मोदी और जोशी) के बीच कोई मतभेद होने से इनकार किया।

जोशी ने कहा कि मेरे और (नरेंद्र) मोदी के बीच मतभेद जैसा कुछ नहीं है। वह पार्टी के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और वह पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कहा कि लोग कांग्रेस नीत संप्रग के कुशासन से निराश हैं और सरकार के खिलाफ लोगों की भावना को प्रदर्शित करने के लिए मोदी स्वाभाविक नेता हैं। यहां से लोकसभा चुनाव लड़ रहे जोशी एक टेलीविजन साक्षात्कार से सामने आई रिपोर्टों पर स्पष्टकीरण देने का प्रयास कर रहे थे। रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने देश में मोदी लहर को खारिज कर दिया था और कहा था कि यह सिर्फ पार्टी के लिए है।

विकास मॉडल पर बहस का जिक्र करते हुए जोशी ने कहा कि उनकी हमेशा राय रही है कि भारत एक विशाल देश है जहां कई जलवायु जोन और कृषि विविधताएं हैं तथा पूरे देश के लिए कोई एक माडल नहीं हो सकता। जोशी ने कहा कि जम्मू कश्मीर का विकास मॉडल केरल में लागू नहीं किया जा सकता और जो तटीय क्षेत्रों में लागू होता है उसे रेगिस्तान में फिट नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए हल खोजने तथा मुद्दों पर गौर करने के लिए भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र में विभिन्न परिषदों का प्रावधान किया गया है।

उधर, देश में नरेंद्र मोदी की नहीं भाजपा की लहर होने के भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के बयान से उठे विवाद को कम करने का प्रयास करते हुए भाजपा ने आज कहा कि पार्टी और मोदी को अलग करके नहीं देखा जा सकता और किसी भी तरह के मतभेद की बात बेमानी है। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि जोशी के बयान का गलत आशय निकाला गया है। उन्होंने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि किसी ने इस तरह की बात नहीं की है। भाजपा ने मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है और इस परिस्थिति में भाजपा की लहर या मोदी लहर को अलग करके नहीं देखा जा सकता।

सिंह ने कहा कि मोदी देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और लोग उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। हम मोदी और भाजपा को अलग करके नहीं देख सकते। हम सभी भाजपा के अंग हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने लिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। जोशी ने कल कहा था कि देश में मोदी की नहीं भाजपा की लहर है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Monday, April 14, 2014, 21:12
First Published: Monday, April 14, 2014, 21:12
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?