
नई दिल्ली : प्रियंका गांधी को संगठन में बडी जिम्मेदारी दिये जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने आज कहा कि सोनिया और राहुल गांधी शीर्ष पर हैं, ऐसे में किसी नेतृत्व की भूमिका के लिए कांग्रेस में कोई ‘रिक्ति’ नहीं है।
थरूर ने यहां संवाददताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस का एक अध्यक्ष और एक उपाध्यक्ष है जो न केवल काम कर रहा है बल्कि सक्रिय भी है। स्वाभाविक है कि प्रियंका गांधी दोनों लोकसभा क्षेत्रों (अमेठी और रायबरेली) में प्रचार कर रही हैं।’’ यह पूछने पर कि क्या इसका मतलब ये हुआ कि प्रियंका की जरूरत नहीं है, थरूर ने कहा, ‘‘इस समय कोई रिक्ति नहीं है। हमारे पास एक अध्यक्ष और एक उपाध्यक्ष है और वे अपना काम कर रहे हैं।’’ साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों संसदीय क्षेत्रों में प्रियंका के प्रचार का काफी सकारात्मक असर हुआ है।
इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में प्रियंका ने कहा था कि उनके भाई ने उनसे कई बार कहा कि उन्हें (प्रियंका को) चुनाव लडना चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 20, 2014, 00:00