दोराहे पर खड़ा देश, लोग प्रगति का रास्ता चुनें: सोनिया

दोराहे पर खड़ा देश, लोग प्रगति का रास्ता चुनें: सोनियापावटा (राजस्थान) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि देश दोराहे पर खड़ा है और जनता को प्रगति का रास्ता चुनना चाहिए तथा भाजपा के रास्ते को नकार देना चाहिए, जहां केवल जाति और धार्मिक पहचान मायने रखती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा दावा करती है कि केवल उनके समर्थक देशभक्त हैं और बाकी लोग नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे दावा करते हैं कि आप तभी देशभक्त होंगे जब उनकी विचारधारा का पालन करेंगे।’’ जयपुर से करीब 80 किलोमीटर दिल्ली की ओर स्थित पावटा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता ने कहा कि भाजपा इस तरह से दुष्प्रचार कर रही है जैसे कांग्रेस ने आजादी के बाद से कुछ किया ही नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे आपको नासमझ मानते हैं, उन्हें शायद यह सच नहीं पता कि देश ने सभी क्षेत्रों में जबरदस्त प्रगति और विकास किया है जिसके बारे में आप सभी जानते हैं।’’ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि क्या उन्हें कोई जादुई छड़ी मिल गयी है जिससे वह कुछ ही दिन में देश के हालात बदल देंगे।

सोनिया ने कहा, ‘‘हमारे विपक्षी दल के नरेंद्र मोदी दावा कर रहे हैं कि अगर वह सत्ता में आते हैं तो भारत स्वर्ग बन जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता नहीं कि उन्हें कैसी जादुई छड़ी मिल गयी है। किसी एक राज्य में शासन करना आसान है और भारत जैसे विशाल देश में शासन करना अलग बात है।’’ सोनिया ने कहा, ‘‘पूरे देश पर शासन करने के लिए कड़ी मेहनत, ईमानदारी, समर्पण, दयालुता और पारदर्शी हृदय की जरूरत होती है।’’ उन्होंने कहा कि चुनावों में प्रत्येक दल को अपने तरीके से प्रचार करने का अधिकार है।

मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘आज हमारा देश दोराहे पर खड़ा है जो आपको अलग रास्ते पर ले जाएगा। एक तरफ कांग्रेस है जो आर्थिक प्रगति, गरीबों, दलित, श्रमिकों और मध्यम वर्ग के लिए काम करने और सोचने में भरोसा करती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी तरफ एक राजनीतिक दल (भाजपा) है जो लोगों को ऐसे रास्ते पर ले जाता है जहां किसी व्यक्ति की योग्यता और पहचान मायने नहीं रखती। उसे उसकी जाति, धर्म या किसी अन्य समूह के आधार पर जाना जाएगा।’’

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आपको एक रास्ते को चुनने का फैसला करना होगा। मुझे विश्वास है कि आप गलत रास्ता नहीं चुनेंगे। कांग्रेस को चुनिए। देश के विकास और प्रगति का मार्ग चुनिए।’’ सभा को जयपुर (ग्रामीण) से पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी संबोधित किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 14, 2014, 21:28
First Published: Monday, April 14, 2014, 21:28
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?