ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : कांग्रेस की स्टार प्रचारक और सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी के सुल्तानपुर की जनता से वरुण गांधी को हराने की अपील कर आफत मोल ले ली है। प्रियंका की इस अपील पर वरुण की मां मेनका गांधी ने प्रियंका पर सियासी पलटवार किया है। मेनका ने कहा कि देश सेवा करना रास्ता भटकना नहीं होता। यह तो चुनाव में जनता ही बताएगी कि रास्ता कौन भटक गया है।
दरअसल शनिवार को अमेठी में राहुल गांधी के नामांकन के बाद प्रियंका गौरीगंज में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं जहां प्रियंका ने वरुण को नेक दिल से लोगों को साथ जोड़कर आगे बढ़ने की सलाह दी। अपने संबोधन में प्रियंका ने वरुण को परिवार का सदस्य बताया, भाई कहा, लेकिन साथ में ये भी कहा कि परिवार का ये सदस्य गलत रास्ते पर भटक गया है। भाजपा के टिकट पर सुल्तानपुर से चुनाव लड़ रहे वरुण को सही रास्ता दिखाने के लिए प्रियंका ने जनता से अपील भी की। प्रियंका ने कहा कि मैं आपसे ये अपेक्षा चाहूती हूं कि आप मेरे भाई को सही रास्ता दिखाएंगे।
मालूम हो कि कुछ दिनों पहले ही एक सभा में वरुण ने अमेठी में राहुल गांधी के काम की तारीफ की थी। वरुण के उस बयान से सियासी हलकों में खासी हलचल मची थी। कयास लगने लगे थे कि क्या ये दोनों परिवारों के बीच के संबंधों में एक नए मोड़ की शुरुआत है। हालांकि वरुण की मां मेनका गांधी ने जल्द ही वरुण को नसीहत देकर सभी कयासों पर विराम लगा दिया था।
First Published: Sunday, April 13, 2014, 10:22