ज़ी मीडिया ब्यूरोरायबरेली : भाजपा द्वारा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ वीडियो और एक पुस्तिका जारी करने के बाद प्रियंका गांधी ने इसका जवाबी हमला बोला है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक और सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका ने कहा कि वे ‘बौखलाए’ चूहे की तरह दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन वह ‘झूठी चीजों’ से नहीं डरेंगी, बल्कि उनकी ‘विनाशक’ राजनीति के खिलाफ बोलना जारी रखेगी।
प्रियंका ने यहां एक रैली को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘वे बौखलाए हुए चूहों की तरह दौड़ रहे हैं। मैं जानती हूं कि वे अपने झूठ का सिलसिला दोहराएंगे। इसमें नया कुछ नहीं है लेकिन उन्हें कहने दीजिए, जो भी वे कहना चाहते हों। मैं किसी से नहीं डरती और नकारात्मक, विनाशक तथा शर्मनाक राजनीति के खिलाफ बोलती रहूंगी।’ उन्होंने कहा, ‘मैं चुप नहीं रहूंगी और मैं उनके कुछ और कहने का इंतजार कर रही हूं।’
दरअसल, प्रियंका से उस वीडियो और पुस्तिका के बारे में पूछा गया था, जो भाजपा उनके पति राबर्ट वाड्रा के कथित भूमि सौदों के बारे में लेकर आई है। इसमें ‘विकास का राबर्ट वाड्रा मॉडल’ का जिक्र किया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि वाड्रा मॉडल गांधी परिवार के संरक्षण के चलते सफल हुआ। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘भूमि और पर्यावरण से जुड़े कानूनों का घोर उल्लंघन हुआ है। परिवार के रसूख ने वाड्रा को सौदों में मोटी आय पाने में मदद पहुंचाई।’ ‘दामाद श्री’ शीर्षक की छह पृष्ठों की पुस्तिका में राजस्थान और हरियाणा में वाड्रा के विभिन्न सौदों का जिक्र किया गया है।
प्रियंका की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा को चूहा कहना ओछी राजनीति है। वे लोग लोकतांत्रिक बयानबाजी को इतने निम्न स्तर तक ले गए हैं और अब लोकतंत्र को विरूपित कर रहे हैं तथा लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के अन्य नेता भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रहे हैं, वे लोग महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वाड्रा के संदिग्ध भूमि सौदों का मुद्दा उठाकर भाजपा व्यक्तिगत हमलों में शामिल नहीं है बल्कि वह हरियाणा सरकार के भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा रही है जिसने नियम कायदे को ताक पर रखकर भू उपयोग की इजाजत दी थी। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘गुजरात सरकार की नीति किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं है, वह जन कल्याण के लिए है जबकि कांग्रेस सरकार की नीतियां निजी मुद्दों के लिए है।’
प्रसाद ने कहा, ‘मैं उस स्तर तक नहीं उतरना चाहता। मैंने कभी प्रियंका गांधी से सवाल तक नहीं पूछा। मेरे सवाल सोनिया और राहुल गांधी को लक्षित रहे हैं और हम जानना चाहते हैं कि कोई व्यक्ति महज एक लाख रूपये का निवेश कर 300 करोड़ रूपया कैसे अर्जित कर सकता है।’ उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार का बुनियादी मामला है और भाजपा को लगता है कि इसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है तथा प्रियंका ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया है, माफ कीजिएगा मैं बहस में शामिल नहीं होना चाहता।
इस बीच, एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि उनकी पार्टी की राजनीति देश में सत्ता का विकेन्द्रीकरण करने और हर किसी को शक्ति देने की है। प्रियंका ने कहा, ‘इन दिनों एक और राजनीति हो रही है, जिसके तहत यह भी प्रचारित किया जा रहा है कि आप अपनी शक्तियां और अधिकार एक आदमी के हाथों में सौंप दीजिए जो फैसले ले सकता है और सब कुछ कर सकता है। पर, यह हमारी राजनीति नहीं है और यह गलत राजनीति है।’
अपनी मां सोनिया गांधी के लिए प्रचार करते हुए प्रियंका ने लोगों से 30 अप्रैल को कांग्रेस के लिए वोट करने की अपील की। इससे पहले, आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका का विरोध किया और नारेबाजी की। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, April 27, 2014, 22:07