
रायबरेली : भाजपा द्वारा राबर्ट वाड्रा के खिलाफ हमले तेज किये जाने के बीच प्रियंका गांधी ने सोमवार को कहा कि वह निजी हमलों से चिंतित नहीं हैं और वह आलोचनाओं का तोहफा लेने से मना कर सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि वे तोहफे देना पसंद करेंगे तो मैं उन्हें लेने से इंकार करना पसंद करूंगी। दुर्भावना उनमें है, मुझमें नहीं।’’ अपनी मां सोनिया गांधी के लिए यहां प्रचार कर रही प्रियंका ने यह टिप्पणी उस समय की जब उनसे भाजपा द्वारा उनके एवं उनके परिवार के खिलाफ हमलों के बारे में पूछा गया।
उन्होंने कहा कि वह आलोचनाओं से अप्रभावित रहेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी मां सोनिया इस क्षेत्र से चुनाव जीतेंगी। ‘‘मेरे और मेरे परिवार पर किये जाने वाले निजी हमलों से मैं चिंतित नहीं हूं।’’ आज इससे पहले भाजपा नेता अरूण जेटली ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक संवाद का स्तर घटा दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को ‘‘बौखलये हुए चूहे’’ कहने के लिए प्रियंका पर हमला बोला। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 29, 2014, 00:29