ज़ी मीडिया ब्यूरोरायबरेली : प्रियंका गांधी ने रविवार को भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश को चलाने के लिए 56 इंच के सीना नहीं चाहिए बल्कि दरियादिल की जरूरत है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस पार्टी को वोट देने की अपील की।
अपनी मां सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा, `देश चलाने के लिए 56 इंच के सीने की जरूरत नहीं है। देश दरियादिली से चलता है।` प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का रक्त यहां की मिट्टी में मिल चुका है, इसलिए लोगों को इसे बचाने की जरूरत है। प्रियंका ने लोगों से कांग्रेस पार्टी को वोट देने की अपील की।
प्रियंका ने कहा कि आज देश की हिफाजत करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश की एकता बनाए रखने के लिए सभी लोगों को वोट देने की जरूरत है।
उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की शहादत की ओर इशारा करते हुए कहा,’’ आप का देश है। इसके रखवाले आप हैं। यह मेरा देश है। मेरी रगों में जो खून दौड़ता है वह इस देश की मिट्टी में मिल चुका है। इसकी हिफाजत करना आपका कर्तव्य है और मेरे परिवार का धर्म।’
इस बार के आम चुनाव को खासा महत्वपूर्ण बताते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि इस बार लोगों को देश को मजबूत करने के लिए और इसकी एकता बनाए रखने के लिए वोट देना है। उन्होंने कहा, ’’जब आप 30 अप्रैल को वोट देने जायेंगे, (सिर्फ) अपने लिए नहीं सोनिया के लिए नहीं विकास के लिए नहीं... इन चीजों के लिए तो जरूर देना है इस देश की एकता को बनाये रखने के लिए वोट दीजिए।’’
प्रियंका ने कहा, ’’यह चुनाव ऐसा चुनाव नहीं है जिसके लिए आप अपने नजरिये को सीमित रखें, नजरिए को खोलिए। आपको तय करना है कि आप कैसा देश चाहते हैं।’’ उन्होंने लोगों से क्षेत्रीयता से ऊपर उठने की अपील करते हुए कहा, ’’यह चुनाव एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। आप केवल एक सांसद का चुनाव करने नहीं जा रहे है बल्कि नयी सरकार का चुनाव करने जा रहे है।’’
उन्होंने कहा, ’’अपना वोट देने से पहले आप न सिर्फ अपने क्षेत्र बच्चों के भविष्य और परिवार के बारे में सोचें बल्कि पूरे देश के बारे में सोचें। आप का निर्णय केवल सोनिया जी के लिए ही नहीं है बल्कि पूरे देश के लिए है।’’ (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, April 27, 2014, 13:18