प्रियंका ने 'बाहरियों' पर साधा निशाना, बोलीं- राहुल का अमेठी से है प्रेम का रिश्‍ता

by Bimal kumar
प्रियंका ने `बाहरियों` पर साधा निशाना, बोलीं- राहुल का अमेठी से है प्रेम का रिश्‍ताज़ी मीडिया ब्‍यूरो/बिमल कुमार

अमेठी : प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी के लिए बुधवार को भी अमेठी में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंची। राहुल के खिलाफ यहां भाजपा की स्मृति ईरानी और आम आदमी पार्टी से कुमार विश्वास चुनाव मैदान में हैं।

हालांकि प्रियंका ने आज अमेठी में चुनाव प्रचार के दौरान किसी पर व्‍यक्तिगत कोई निशाना नहीं साधा। यूपी में आज 14 लोकसभा सीटों पर हो रहे मतदान के बीच उन्‍होंने अपने भाई और कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की और कहा कि राहुल ने अमेठी में जो भी विकास कार्य करवाया है वह राजनीतिक तौर पर नहीं बल्कि प्रेम के रिश्‍ते के साथ किया है। उन्‍होंने एक दूरदर्शी के तौर पर यहां सारे कार्य करवाए। राहुल ने यहां के युवाओं को रोजगार प्राप्ति में काफी मदद की। राहुल अपने पिता के सपने को पूरा करना चाहते हैं।

प्रियंका ने यह भी कहा कि अन्‍य लोग यहां आते हैं लेकिन उन्‍हें आपके प्रति कोई अहसास नहीं है। वे यहां सिर्फ इसलिए आए हैं चूंकि यह राहुल गांधी का निर्वाचन क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि आप सब समझते हैं कि राहुल जी ने अमेठी के विकास के लिये क्या किया। दूसरे दलों के प्रत्याशियों का ना तो आपसे कोई रिश्ता है और ना ही उन्होंने आपके लिये कुछ किया है। उनकी नीयत को समझिये। वे यहां सिर्फ इसलिये आते हैं क्योंकि यह राहुल जी का क्षेत्र है।

प्रियंका ने अपने सफर के दौरान हरखपुर गांव में सड़क के किनारे खड़े आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं से कार रुकवाकर मुलाकात की। रोडशो के दौरान खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों ने टूटी सड़कों और बिजली की जबरदस्‍त किल्लत की शिकायत की। इस पर कांग्रेस की स्टार प्रचारक ने समस्या निवारण का आश्वासन दिया। प्रियंका ने अपने रोडशो और जनसम्पर्क की शुरुआत मुंशीगंज से की।

उन्‍होंने कहा कि अमेठी से हमारे परिवार का रिश्‍ता बहुत पुराना है। प्रियंका ने अपने पिता राजीव गांधी को भी याद किया और कहा कि वे बहुत ही दूरदर्शी थे। उनके सपने 20 साल बाद जाकर साकार हुए हैं। प्रियंका ने कहा कि राजीव गांधी ने कंप्‍यूटर और मोबाइल के बारे में वर्ष 80 के दशक में ही सोचा था जोकि साल 2000 के बाद जाकर पूरा हुआ। आज देश का ऐसा कोई व्‍यक्ति और युवा नहीं है जो मोबाइल के इस्‍तेमाल से परहेज करता हो। देश में दूरसंचार क्रांति लाने का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। आपके हाथ में आज मोबाइल फोन है, इसका कुछ श्रेय उनके पिता को अवश्‍य जाना चाहिए। गौर हो कि अमेठी में 7 मई को मतदान होना है।
First Published: Wednesday, April 30, 2014, 13:31
First Published: Wednesday, April 30, 2014, 13:31
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?