
अमेठी (उत्तर प्रदेश), पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) : कांग्रेस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध जारी रहने के बीच प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के बारे में नरेंद्र मोदी की ‘नमूना’ और अन्य कथित टिप्पणियों को ‘बचपना’ करार दिया वहीं भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी ने भी कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए उसे ‘धोखेबाज’ पार्टी बताया।
अमेठी संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे राहुल गांधी के पक्ष में प्रचार कर रहीं प्रियंका ने कहा कि भाजपा नेता उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का मजाक उड़ाया करते थे जब उन्होंने देश में कंप्यूटर की शुरुआत की थी और अब वे राहुल का ‘उपहास’ कर रहे हैं।
अपने भाई के लिए प्रचार कर रहीं प्रियंका ने सलोन विधानसभा के तहत डीह में एक चुनावी सभा में कहा, ‘वे कभी उनकी तुलना कामेडियन से करते हैं तो कभी उन्हें शहजादा कहते हैं। मैं समझती हूं कि आप (मोदी) प्रधानमंत्री पद की आकांक्षा रखते हैं, तो आप क्यों इस तरह का बचपना दिखाते हैं। उन्हें (मोदी) गरिमा का ख्याल रखना चाहिये।’ भाजपा एवं मोदी द्वारा अपने पति राबर्ट वाड्रा पर निशाना साधे जाने को लेकर प्रियंका की प्रतिक्रिया के बाद विपक्षी पार्टी की ओर से भी तीखी आलोचना की गयी। इस बीच प्रियंका ने विपक्षी पार्टी की ‘विभाजनकारी’ नीतियों को लेकर उसकी तीखी आलोचना की।
चुनावी माहौल में बढ़ते वाक्युद्ध के बीच मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ‘धोखेबाज’ पार्टी है और उन्होंने पार्टी के घोषणापत्र को ‘धोखापत्र’ करार दिया। मोदी ने हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे यह कहना अच्छा नहीं लगता है लेकिन कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो लोगों को धोखा देती है। यह ‘धोखेबाज’ पार्टी है। उनके 2009 का घोषणापत्र देखिए। यह घोषणापत्र नहीं बल्कि धोखापत्र है।’
महंगाई का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ने 2009 में अपने घोषणापत्र में 100 दिनों के भीतर कीमतों को कम करने का वादा किया था। तब क्या यह ‘धोखापत्र’ नहीं है?’ मोदी ने कहा कि लोग किसी गलती को माफ कर सकते हैं लेकिन एक धोखेबाज को माफ नहीं कर सकते। ‘अगर आप लोगों को धोखा देते हैं, तो वे आपको माफ नहीं करेंगे। वे किसी गलती को माफ कर सकते हैं लेकिन धोखेबाज को नहीं।’ मोदी ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि केंद्र में मजबूत सरकार बनाने और देश को खाई से बाहर निकालकर पटरी पर वापस लाने के लिए हिमाचल की चारों सीट समेत देश में 300 कमल (सीटें) खिलें।’
देहरादून के पास विकासनगर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नौ चरण में से अब तक हुए छह चरण के चुनावों ने मां-पुत्र शासन की समाप्ति का रास्ता प्रशस्त कर दिया है। उधर, प्रियंका ने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि उनके भाई के संसदीय क्षेत्र से यह संदेश भेजा जाना चाहिए कि भारत में किस प्रकार की राजनीति की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘उनकी (भाजपा) राजनीति विभाजनकारी है..अपने लिए या अमेठी के लिए वोट मत दीजिए। यहां से एक संदेश जाना चाहिए कि देश में किस प्रकार की राजनीति की जरूरत है। देश में स्वच्छ राजनीति होनी चाहिए।’
प्रियंका ने भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी और आप उम्मीदवार कुमार विश्वास को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मृति ईरानी अंधेरे कमरे में बैठकें करती हैं ताकि लोगों को बिजली की कमी तथा क्षेत्र के विकास के बारे में लोगों को बता सकें।
उन्होंने कहा, ‘राज्य एवं केंद्र में अलग अलग सरकारें हैं, इससे असुविधा होती है। बिजली देना राज्य सरकार का काम है.. जब उत्तर प्रदेश सरकार ने यहां बिजली आपूर्ति बढ़ायी तो उनके (भाजपा) नेताओं ने लखनऊ में आंदोलन किया। अब उनके उम्मीदवार यहां सवाल कर रहे हैं।’ प्रियंका ने राहुल द्वारा कराए गए विकास कार्यों को सूचीबद्ध किया और दावा किया कि भाजपा के घोषणापत्र में वर्णित कार्यक्रमों में से आधे कांग्रेस के हैं।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने कांग्रेस के घोषणापत्र की कॉपी कर ली। जब उनके नेता यहां आपके सामने आएं तो आप उनसे सवाल कीजिए कि क्या उनके पास विकास की कोई योजना है। अगर लोग जागरूक हों तो नेताओं को जवाबदेह बनना होगा।` (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 29, 2014, 21:32