
अमेठी: प्रियंका गांधी ने अपने चचरे भाई वरूण गांधी पर एक बार फिर से निशाना साधते हुए कहा कि ‘लोकसभा चुनाव विचारधारा की लड़ाई है और यह परिवार की चाय पार्टी नहीं है।’ रास्ता से भटकने वाले प्रियंका के बयान पर वरूण के कटु जवाब के बाद भी प्रियंका ने कहा कि अगर उनके बच्चे ने भी ऐसा किया होता वह उसे भी माफ नहीं करतीं। परोक्ष रूप से वह भाजपा के टिकट पर वरूण के चुनाव लड़ने का हवाला देते हुए कह रही थीं।
राहुल गांधी के अमेठी संसदीय क्षेत्र के बगल में सुल्तानपुर से वरूण के भाजपा उम्मीदवार के तौर पर परचा दाखिल करने के दिन उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘यह फैमिली टी पार्टी नहीं है। यह विचारधारा की लड़ाई है। अपने बच्चे को भी माफ नहीं करती अगर उसने ऐसा किया होता।’ प्रियंका ने कहा कि वह वीडियो के लीक होने पर निराश नहीं हैं जिसमें उन्होंने वरूण के बारे में कहा है । प्रियंका कहा कि वह उनके विचार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी लीक होने के बाद उन्होंने वरूण से बातचीत नहीं की है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 15, 2014, 14:48