'प्रियंका ने SPG को अपने काफिले से अलग किया'

`प्रियंका ने SPG को अपने काफिले से अलग किया` अमेठी: कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में अमेठी में प्रचार के दौरान अपने साथ चल रहे स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के वाहनों को अपने काफिले से अलग कर दिया और दूसरे रास्ते से चली गयीं।

पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रियंका ने गौरीगंज के नजदीक गांधीनगर में अपनी गाड़ी से उतरकर आगे और पीछे चल रही एसपीजी की गाड़ियों को रुकवा दिया और प्रचार के लिये तिलाई विधानसभा क्षेत्र के मोहनगंज की तरफ चली गयीं।

उन्होंने बताया कि प्रियंका को कासिमपुर के पास शाहमउ में जनसभा को सम्बोधित करना था लेकिन उन्होंने रास्ता ही बदल दिया। इस बीच, गृह विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि आज प्रियंका गांधी एसपीजी को छोड़कर आगे चली गयीं। यह चिंताजनक है।

गौरतलब है कि प्रियंका को आज 10 बजे मुंशीगंज गेस्ट हाउस से निकलना था लेकिन वह साढ़े 11 बजे के करीब निकलीं। बताया जाता है कि प्रियंका एसपीजी के अधिकारियों के जनता के प्रति व्यवहार से नाराज थीं।

सूत्रों के मुताबिक संग्रामपुर में कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता पूर्व ब्लाक प्रमुख बंटी सिंह को प्रियंका की जनसभा के दौरान एसपीजी के दो जवानों ने हाथ पकड़कर बाहर कर दिया था। इसके अलावा गत 12 अप्रैल को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी से नामांकन के दौरान एसपीजी के अधिकारियों ने माला पहनाने के लिये आगे बढ़ रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री धर्मेन्द्र शुक्ला को कथित रूप से मारापीटा था। इसका लोगों ने काफी विरोध करते हुए प्रियंका तथा राहुल से इसकी शिकायत की थी। विपक्षी दलों के प्रत्याशी प्रियंका पर एसपीजी जैसे वीवीआईपी सुरक्षा घेरे में चलने को लेकर उन पर तंज कसते रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, May 1, 2014, 13:24
First Published: Thursday, May 1, 2014, 13:24
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?