ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : 16वीं लोकसभा के लिए आज पहला बड़ा घमासान जारी है और शाम 6.00 बजे तक 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे प्रमुख दिग्गज राजनेताओं का भाग्य ईवीएम मशीन में बंद हो जाएगा। 91 सीटों पर 1418 उम्मीदवार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं।
इस चरण में कई चर्चित नेता और फिल्मी सितारें अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। दिल्ली की सबसे हॉट सीट चांदनी चौक पर मुकाबला सबसे ज्यादा रोचक होने वाला है। यहां से मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल कांग्रेस से, भाजपा से हर्षवर्धन और आम आदमी पार्टी से पत्रकार से नेता बने आशुतोष उम्मीदवार हैं। 10 किलोमीटर के एरिया में फैली यह देश की सबसे छोटी लोकसभा सीट है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी मुकाबला कुछ कम रोचक नहीं है। गाजियाबाद में जहां भाजपा से पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह हैं तो कांग्रेस से अभिनेता राज बब्बर चुनाव लड़ रहे हैं। गाजियाबाद में इन दोनों को आम आदमी पार्टी की पत्रकार से नेता बनी शाजिया इल्मी टक्कर देती हुई दिख रही हैं। चंडीगढ़ की एक सीट पर जहां भाजपा ने किरण खेर को उतारा है वहीं आप ने गुल पनाग को मैदान में उतारा है। कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर चंडीगढ़ से पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल चुनाव लड़ रहे हैं। तीनों का भविष्य भी ईवीएम मशीन में आज बंद हो जाएगा।
कुछ खास राजनीतिक दिग्गजों का भाग्य आज बंद होगा ईवीएम में--
-चांदनी चौक से केंद्रीय कानून मंत्री और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल
-गाजियाबाद से पूर्व सेना प्रमुख और भाजपा नेता जनरल वीके सिंह
-गुड़गांव सीट से राजनीतिक विश्लेषक और आप के नेता योगेंद्र यादव
-रोहतक से हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह के बेटे दीपेंद्र सिंह
-केंद्रीय मंत्री और छिंदवाड़ा से कांग्रेस के प्रत्याशी कमल नाथ
-सासाराम से कांग्रेस की प्रत्याशी और लोकसभा की स्पीकर मीरा कुमार
-नागुपर से भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गड़करी
-बागपत से भाजपा के प्रत्याशी और मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर सत्यपाल सिंह
-बिजनौर से आरएलडी की प्रत्याशी और अभिनेत्री जया प्रदा
-मेरठ से कांग्रेस की प्रत्याशी और मशहूर अभिनेत्री नगमा
-मुजफ्फरनगर से बसपा के प्रत्याशी कादिर राणा
-नई दिल्ली सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन
-उत्तर पूर्व दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल
-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी और शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित
-उत्तर पूर्व दिल्ली से भोजपुरी गायक और भाजपा के मनोज तिवारी
-कुरूक्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी और उद्योगपति नवीन जिंदल
-केंद्रीय मंत्री और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह
First Published: Thursday, April 10, 2014, 09:34