ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की शनिवार को सहारनपुर में प्रस्तावित रैली रद्द कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक राहुल की यह रैली सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के कारण रद्द की गई है। इमरान मसूद ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया है जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सहारनपुर में आज राहुल की रैली होनी थी लेकिन मसूद की गिरफ्तारी के बाद राहुल की रैली रद्द करने के फैसला लिया गया है।
मोदी के खिलाफ जहरीले बोल पर मसूद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी और इस बयान के लिए मसूद के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही थी। पुलिस ने मसूद को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस ने मसूद की टिप्पणी से यह कहते हुए दूरी बना ली थी कि वह हिंसा को अस्वीकार करती है चाहे वह शाब्दिक हो या कुछ और। वहीं, भाजपा ने इस टिप्पणी को भड़काऊ करार देते हुए विवाद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को घसीट लिया था। सहारनपुर में एक चुनावी रैली के दौरान के वीडियो फुटेज में मसूद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते दिखाई देते हैं। इस वीडियो के वेब पर सामने आने के बाद हंगामा मच गया था।
उन्होंने कहा था, ‘यदि नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश को गुजरात बनाने की कोशिश करते हैं तो हम उनकी बोटी-बोटी कर देंगे..मैं मोदी के खिलाफ लड़ूंगा। वह सोचते हैं कि उत्तर प्रदेश गुजरात है। गुजरात में केवल चार प्रतिशत मुसलमान हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 42 प्रतिशत मुसलमान हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Saturday, March 29, 2014, 09:04