राहुल ने भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा

राहुल ने भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर निशाना साधासिरसा (हरियाणा) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ‘दोहरे मानदंड’ और ‘सांप्रदायिकता के आधार पर समाज को बांटने’ के प्रयास को लेकर रविवार को विपक्षी भाजपा पर हमला बोला।

राहुल ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को फिर से भाजपा में शामिल किए जाने का जिक्र किया और कहा कि विपक्षी नेता उन राज्यों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हैं जहां उनकी सरकारें नहीं हैं।

सिरसा लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार और पार्टी इकाई के प्रमुख अशोक तंवर के पक्ष में प्रचार करते हुए गांधी ने कहा, ‘‘वे (भाजपा नेता) कर्नाटक जाते हैं और बड़े बड़े भाषण देते हैं। वे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेल में रह चुके येदियुरप्पा को मंच पर लाते हैं और उसके बाद कहते हैं वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं।’’

राहुल ने कहा, ‘‘.. उसके बाद वे छत्तीसगढ़ जाते हैं जहां खनन माफिया का राज है और कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। लेकिन वे वहां अपने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को नहीं देखते हैं। उसके बाद वे मध्य प्रदेश जाते हैं और कहते हैं कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन अपना भ्रष्टाचार नहीं देखते। उसके बाद वे गुजरात जाते हैं जहां तीन कैबिनेट मंत्री जेल में रह चुके हैं, लेकिन वहां उन्हें भ्रष्टाचार नहीं दिखता..शेष जगहों पर उन्हें भ्रष्टाचार दिखता है।’’ राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के उलट उनकी पार्टी भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करती है। ‘‘ जहां कहीं भी हम भ्रष्टाचार देखते हैं, हम कार्रवाई करते हैं।’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ‘‘धार्मिक आधार पर समाज को बांटने का प्रयास’’ करने के लिए भी भाजपा को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘‘विभाजनकारी’’ नीति से देश के धर्मनिरपेक्ष तानेबाने को नुकसान हुआ है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा लोगों को एकजुट करने की है भले ही उनकी जाति, धर्म या समुदाय कुछ भी हो।

भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ये आपको आपस में लड़ाते हैं, हिन्दू को मुस्लिम से लड़ाएंगे।’’ उन्होंने मुंबई में भाजपा की सहयोगी शिवसेना के कार्यकर्ताओं द्वारा बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी कामगारों पर हमले का भी जिक्र किया।

राहुल ने कहा, ‘‘हम सबको साथ लेकर चलते हैं, चाहे कोई सिख हो, हिंदू हो या ईसाई या मुस्लिम.. यह हमारी राजनीति है। हम घृणा की राजनीति या विभाजन की राजनीति नहीं करते। हम प्रेम की राजनीति करते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि हर किसी को साथ लेकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।’’ गुजरात माडल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह ‘‘गैस से भरा गुब्बारा’’ है जो लोकसभा चुनावों के बाद फूट जाएगा।

उन्होंने कहा कि 2004 के लोकसभा चुनावों में भाजपा का ‘‘शाइनिंग इंडिया’’ गुब्बारा फूटा था और उसके बाद वह 2009 में भी चुनाव हार गयी। इससे पार्टी के प्रबंधक कुछ नया लाना चाहते थे।

गांधी ने कहा, ‘‘वे एक नया गुब्बारा लेकर आए हैं। इसके पहले वे हवा भरा करते थे, इस बार उन्होंने इसमें गैस भरी है। इस बार गुब्बारे का नाम ‘गुजरात माडल’ है।’’ उन्होंने कहा कि चुनावों में दलित, युवा, श्रमिक और समाज के कमजोर तबके बटन दबाएंगे और विपणन के जरिए जिस गुब्बारे को हवा दी गयी है, वह फूट जाएगा। उसके बाद भाजपा नेता अफसोस करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 6, 2014, 21:51
First Published: Sunday, April 6, 2014, 21:51
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?