
लखनऊ /अमेठी : प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सोच पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह है, इसलिए जो लोग कभी राजीव गांधी की आलोचना करते थे, वे आज राहुल की आलोचना कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार के लिए अमेठी पहुंची प्रियंका ने यह बात जगदीशपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। प्रियंका ने इस दौरान कहा कि उनका अमेठी से दिल का रिश्ता है। कुछ लोग यहां केवल चुनाव लड़कर राहुल को हराने आए हैं, लेकिन गांधी परिवार हमेशा ही यहां की जनता के दिलों में रहता है।
प्रियंका ने कहा, "मैं जब छोटी थी तब राजीव गांधी के साथ यहां आया करती थी। उनको यहां के लोगों से काफी प्रेम था। उन्होंने जितना प्रेम आपसे किया उससे कहीं अधिक प्रेम आपने उनको दिया था।" उन्होंने कहा, "वह काफी खुशदिल और नेकदिल इंसान थे। उन्होंने इस क्षेत्र के लिए जो कुछ किया वह दीर्घकालीक सोच को ध्यान में रखकर किया। वह काफी दूरदर्शी व्यक्ति थे।"
प्रियंका ने कहा कि राजीव गांधी के समय में जो विकास के काम अमेठी में हुए उनका लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है और विकास के उसी काम को अब राहुल आगे बढ़ाने में लगे हैं। प्रियंका ने कहा, "जब वे कंप्यूटर की बात करते थे तब यही विरोधी उनका मजाक उड़ाते थे। उन्हें काफी आलोचनाएं सहनी पड़ीं। जो राजीव जी का मजाक उड़ाते थे, आज वही राहुल की आलोचना करने में लगे हुए हैं लेकिन आपको इन सबके बीच ठंडे दिमाग से काम लेना है।"
प्रियंका ने कहा कि अमेठी में पिछले 10 वर्षों के दौरान इतना काम हुआ है कि याद करना मुश्किल है। यहां कई ऐसी परियोजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ सीधे तौरे पर लाखों महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा, "अमेठी में दूध की क्रांति लाने का काम राहुल ने ही किया है। पहले दूध बाहर से अमेठी आता था लेकिन अब यहां प्लांट खुल जाने के बाद यहां का दूध गाड़ियों में भरकर बाहर जाता है।"
अमेठी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी स्मृति ईरानी पर अप्रत्यक्ष तौर पर हमला बोलते हुए प्रियंका ने कहा वह चांदनी चौक में हारने के बाद वहां कभी नहीं गईं तो यहां कब तक रूकेंगी। उन्होंने कहा, "ये लोग सिर्फ राहुल को हराने आए हैं, लेकिन हम आपके दिलों में रहते हैं। ये लोग कितनी भी नौटंकी कर लें, लेकिन आपको उन सब चीजों को समझना पड़ेगा।" प्रियंका ने लोगों से सात मई को अमेठी में एकजुट हो कर मतदान करने की अपील की। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 26, 2014, 15:53