ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली/अमेठी : कांग्रेस के युवराज और पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज अमेठी से लोकसभा चुनाव के लिए तीसरी बार पर्चा भरेंगे। राहुल आज दोपहर करीब 1.30 बजे नामांकन करेंगे। इस दौरान राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और मां सोनिया गांधी भी मौजूद रहेंगी। अमेठी में अगले महीने 7 मई को मतदान होना है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह राहुल दिल्ली से विशेष विमान से अमहट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से रोड शो करते हुए अमेठी के जिला मुख्यालय गौरीगंज तक जाएंगे। जहां वह अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। राहुल गांधी इस सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले दोनों चुनाव राहुल ने जीते हैं। अमेठी में राहुल के जोरदार स्वागत की तैयारी की गई है। कार्यकर्ताओं में जबदस्त जोश है। राहुल पर यहां 10-20 किलो नहीं, बल्कि पूरे 500 किलो फूलों की बारिश होगी।
दरअसल, अमेठी में इस बार हाई वोल्टेज चुनावी मुकाबला है। आम आदमी पार्टी ने यहां से अपने बड़े नेता कुमार विश्वास को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने टीवी सीरियल की बहू स्मृति ईरानी को लाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि गांधी परिवार के गढ़ में कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को कितनी चुनौती मिलती है।
First Published: Saturday, April 12, 2014, 09:48