
नई दिल्ली : भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनके खिलाफ अवैध गतिविधि अथवा कोई भी गलत काम करने के आरोप होते हैं तो वह दूसरे लोगों की तरह ही जांच का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे चाहे वह प्रधानमंत्री ही क्यों न बन जाएं।
सत्ता में आने पर क्या भाजपा सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा के खिलाफ भूमि सौदे में अनियमितता के आरोपों की जांच कराएगी। इस पर मोदी ने कहा, अगर नरेंद्र मोदी के खिलाफ अवैध गतिविधि का कोई भी आरोप होता है तो उनके खिलाफ कोई भी जांच चलना चाहिए और मोदी को सारी प्रक्रिया का सामना करना चाहिए। उन्होंने एक न्यूज चैनल के इंटरव्यू में कहा, नरेंद्र मोदी कानून से ऊपर नहीं है चाहे वह प्रधानमंत्री ही क्यों न बन जाए।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि वह पिछले 12 साल से केवल निजी हमलों का सामना कर रहे हैं और उनके राजनीतिक विरोधियों ने अब हमले तेज कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि डिक्शनरी के सभी अपशब्द खत्म हो गए हैं।
प्रियंका गांधी के हमले पर उन्होंने कहा कि उन पर (प्रियंका पर) हमला करना उनके लिए (मोदी के लिए) उचित नहीं होगा क्योंकि वह (प्रियंका) राजनीति में नहीं है और राजनीतिक हमले में परिवार को नहीं लाना चाहिए।
प्रियंका पर उन्होंने कहा, हम राजनीति में जो हैं उनके बारे में बात करेंगे, परिवार के बारे में नहीं। यह ठीक नहीं है..मैं यह नहीं कर सकता। अगर वे मेरे परिवार पर हमला करते हैं तो यह उनकी पसंद है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत संप्रग ने देश की पहचान ‘घोटाला भारत’ (स्कैम इंडिया) के तौर पर बना दी है और वह (मोदी) चीन को पीछे छोड़ कर देश को ‘इस्पात भारत’ (स्टील इंडिया) की पहचान देना चाहते हैं।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, May 4, 2014, 09:02