ज़ी मीडिया ब्यूरोवलसाड (गुजरात) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में उन पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य कहीं से भी ‘स्वर्ग’ के आसपास नहीं है जैसा वह दावा करते हैं और आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार सिर्फ अपनी कुर्सी के लिए चिंतित हैं।
गुजरात में 30 अप्रैल को चुनाव होने हैं। राज्य में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने मोदी के बहुचर्चित ‘गुजरात विकास मॉडल’ की तीखी आलोचना करते हुए लोगों से अपील की कि वे आरएसएस-भाजपा की ‘विभाजनकारी’ विचारधारा को खारिज कर दें क्योंकि यह देश के लिए ‘खराब’ है।
मोदी का नाम लिए बिना उनपर निशाना साधते हुए सोनिया ने कहा, ‘भाजपा नेता दावा करते हैं कि अगर वह सत्ता में आए तो वह देश को स्वर्ग में बदल देंगे। लेकिन वह उन समस्याओं के बारे में नहीं बताते हैं जिनका आपको आए दिन सामना करना पड़ता है।’ संप्रग अध्यक्ष ने कहा, ‘गुजरात सरकार पर 1.75 लाख करोड़ रूपए का कर्ज है, कई गांवों को पेयजल नहीं मिलता, यहां पांच साल से कम उम्र का हर दूसरा बच्चा कुपोषित है और पढ़ाई के बीच में ही स्कूल छोड़ने वाले बच्चों का अनुपात सबसे अधिक गुजरात में है।’
उन्होंने कहा, ‘सबसे अधिक चकित करने वाली बात यह है कि जो लोग 11 रूपए प्रति दिन से ज्यादा कमाते हैं, उन्हें गुजरात सरकार निर्धन नहीं मानती। अब आप मुझे बताइए कि क्या यह स्वर्ग है या कुछ और ?’
कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने कहा, ‘उनकी दिलचस्पी सिर्फ अपनी कुर्सी में है। गरीब लोगों के कल्याण में उनकी दिलचस्पी नहीं है।’ उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा एवं मोदी पर निशाना साधा और गुजरात में 10 साल तक लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं होने का जिक्र किया।
कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘भाजपा ने भ्रष्टाचार की सभी सीमाओं को तोड़ दिया है। वे कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के निराधार आरोप लगा रहे हैं। लेकिन हम आरटीआई जैसा कानून लाए। हमने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जो भ्रष्टाचार में शामिल पाए गए।’ उन्होंने सवाल किया, ‘क्या भाजपा सरकार ने ऐसा कोई कदम उठाया है। नहीं, उन्होंने नहीं उठाया। गुजरात में लोकायुक्त की नियुक्ति 10 साल बाद क्यों हुई? क्या भ्रष्टाचार को ढंकने के लिए नियुक्ति में देरी हुई।’ (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, April 24, 2014, 17:56