नरेंद्र मोदी का असली चेहरा छिपा हुआ है: सोनिया गांधी

नरेंद्र मोदी का असली चेहरा छिपा हुआ है: सोनिया गांधी ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

कोलार (कर्नाटक) : कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी जनसभा के दौरान सोनिया ने मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि गुजरात में कुपोषण से बच्‍चे मर रहे हैं। मोदी पर आरोप लगाया कि वे हर जगह गुजरात मॉडल की चर्चा ऐसे करते हैं, जैसे सिर्फ गुजरात में ही विकास हुआ हो। बाकी जगहों पर नहीं। गुजरात के विकास मॉडल पर फोकस करने के लिए उन्‍होंने बीजेपी को भी आड़े हाथ लिया।

कांग्रेस अध्‍यक्ष ने मोदी का नाम लिए बिना कहा कि एक व्‍यक्ति का असली चेहरा छिपाने के लिए देश भर में बड़े बड़े पोस्‍टर लगाए हैं। उसका असली चेहरा एक मास्‍क से ढंका है।

सोनिया ने बीजेपी पर खदान माफिया के साथ सांठगांठ का आरोप मढ़ा और कहा कि ये वही बीजेपी है जो धर्म और नैतिकता की दुहाई देती है। बीजेपी समाज को बांटने का का काम करती है। येदुरप्पा के समय कर्नाटक में चारों तरफ लूट मची रही। उन्होंने कहा कि भाजपा माइनिंग माफिया की टीम है। भाजपा ऐसी पार्टी है, जो सिर्फ कहती है, करती कुछ नहीं है। लेकिन कांग्रेस जो कहती है, उसे करती है। हम जनता की तरक्की के लिए काम करते हैं।

सोनिया ने कांग्रेस और यूपीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस की कथनी करनी में फर्क नहीं है। कांग्रेस ने जनहित में सूचना के अधिकार सहित कई तरह के कानून बनाए। कोलार सीट वर्षों से कांग्रेस के पास है और इसे बचाए रखने के लिए पूरा जोर लगाया जा रहा है।
First Published: Wednesday, April 9, 2014, 14:41
First Published: Wednesday, April 9, 2014, 14:41
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?