दंगे कराने में माहिर हैं सपा और भाजपा: मायावती

दंगे कराने में माहिर हैं सपा और भाजपा: मायावतीजालौन : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) को साम्प्रदायिक दंगे कराने में माहिर पार्टियां करार देते हुए मंगलवार को कहा कि जातीय हिंसा कराने के मामले में इन दोनों पार्टियों की नीति एक जैसी ही है।

मायावती ने उरई में आयोजित एक चुनावी जनसभा में कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा सपा की देन है। उसमें अनेक लोग मारे गये। गुजरात दंगे भी किसी से छुपे नहीं है। उन फसाद में निर्दोष मुसलमानों का कत्लेआम किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘जातीय दंगा करवाने में सपा और भाजपा की नीतियां एक जैसी हैं। दोनों ही पार्टियां दंगा करवाने में माहिर हैं।’’ मायावती ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि केन्द्र में इस पार्टी के शासनकाल में घोटाले ही घोटाले हुए हैं। कांग्रेस की नीति और नियत में अंतर है। वह तो अब भी अपने युवराज (राहुल गांधी) को ही प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस का शासन रहा लेकिन जितना विकास होना चाहिये, उतना नहीं हुआ। बसपा अध्यक्ष ने दोहराया कि भाजपा को रोकने के लिये मुस्लिम समाज को एकजुट होकर उनकी पार्टी को वोट देना चाहिये। उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम वोट बंट गया तो उससे निश्चित रूप से भाजपा को ही मजबूती मिलेगी।

मायावती ने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन अच्छा रहता है तो वह अलग बुंदेलखण्ड राज्य बनवाकर रहेंगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 22, 2014, 17:26
First Published: Tuesday, April 22, 2014, 17:26
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?