नई दिल्ली : फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया से लेकर ओलंपिक पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ तक लोकसभा चुनाव में इस बार जलवा दिखाने की तैयारी में हैं। भारत के पूर्व कप्तान और देश के सबसे अनुभवी फुटबालर भूटिया दार्जिलिंग लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री समेत कई पुरस्कार और सम्मान हासिल कर चुके भूटिया ने अगस्त 2011 में अंतरराष्ट्रीय फुटबाल को अलविदा कह दिया था। अपने चुस्त क्षेत्ररक्षण और तेजी से रन बनाने के लिये मशहूर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ उत्तरप्रदेश की फूलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। कैफ ने भारत के लिये 13 टेस्ट और 125 वनडे खेले। आखिरी बार उन्होंने 2006 में खेला था। 33 साल के कैफ के पास राजनीतिक अनुभव नहीं है, लेकिन कांग्रेस को कम उम्र में उन्हें मिली उपलब्धियों पर भरोसा है। भारत की अंडर-19 टीम के सदस्य के रूप में उन्होंने सबसे पहले सुखिर्यां बंटोरी। उनकी कप्तानी में टीम ने 2000 में युवा विश्व कप जीता।
कैफ के अलावा भारत के पूर्व कप्तान और सांसद मोहम्मद अजहरूद्दीन राजस्थान के टोंक सवाई माधोपुर से चुनावी मैदान में हैं। अजहर ने 99 टेस्ट और 334 वनडे खेले हैं। अजहर मुरादाबाद से कांग्रेस के सांसद है लेकिन इस बार उनकी सीट से टिकट बेगम नूर बानो को दिया गया। अजहर का 15 साल का अंतरराष्ट्रीय करियर 2000 में मैच फिक्सिंग के आरोपों के बाद खत्म हो गया, लेकिन बाद में उन्होंने राजनीति में पदार्पण किया। उन्होंने अपने पर लगे आजीवन प्रतिबंध के खिलाफ अदालत में अपील की और 2012 में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने उनपर लगा प्रतिबंध हटा दिया।
भाजपा ने राठौड़ को जयपुर (ग्रामीण) से उतारा है। एथेंस ओलंपिक 2004 में पुरूषों की डबल ट्रैप निशानेबाजी में रजत जीतने वाले राठौड़ 1900 के पेरिस ओलंपिक के बाद भारत के लिये व्यक्तिगत स्पर्धा का रजत जीतने वाले पहले खिलाड़ी थे। वह राजस्थान के जैसलमेर से ताल्लुक रखते हैं। पूर्व हाकी कप्तान और राज्यसभा सदस्य दिलीप टिर्की ओडिशा के सुंदरगढ़ से बीजेडी के उम्मीदवार हैं। उनका सामना पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा के जुआल ओरम और पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के हेमानंदा बिस्वाल से है। कुरूक्षेत्र से कांग्रेस के नवीन जिंदल भी स्कीट निशानेबाजी में राष्ट्रीय रिकार्डधारी हैं।
First Published: Thursday, April 3, 2014, 16:43