सपा सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने पर आमादा: मायावती

सपा सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने पर आमादा: मायावती महोबा-बांदा : बसपा मुखिया मायावती ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी पर चुनावी लाभ के लिए सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था नाम की चीज रह ही नहीं गयी है और गुण्डों-माफियाओं का बोलबाला है।

मायावती ने महोबा और बांदा में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार में चौतरफा भ्रष्टाचार का राज है। कानून एवं व्यवस्था चरमराई हुई है, जिसकी वजह से अपहरण की घटनाएं और दंगे आम बात हो गये हैं।

उन्होंने पिछडे वर्ग की जातियों को सपा से आगाह करने के अंदाज में आरोप लगाया कि यह केवल यादवों को ही पिछडा मानती है। बसपा मुखिया ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि केन्द्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण भ्रष्टाचार और महंगाई बेकाबू होकर आसमान छू रहे हैं।

मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने हालांकि प्रधानमंत्री पद के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। मगर इस पद के लिए उसके उम्मीदवार ‘युवराज’ (राहुल गांधी) ही हैं। उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर भी बाण छोडे और 2002 में गुजरात दंगों के लिए उन्हें कटघरे में खडा किया।

यह कहते हुए कि भाजपा और कांग्रेस जहां एक ओर पूंजीपतियों के पैसे से चलने वाली पार्टियां हैं जबकि बसपा को इसके कार्यकर्ता चलाते हैं बसपा मुखिया ने दावा किया कि केवल वही सर्व समाज का कल्याण कर सकती है। इसलिए दलितों मुसलमानों ब्राह्मणों और समाज के अन्य वर्गो को एकजुट होकर उसे जीत दिलानी चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 21, 2014, 21:23
First Published: Monday, April 21, 2014, 21:23
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?