सच्चे मुसलमान भाजपा को वोट नहीं दे सकते: आजमी

मुंबई : एक विवादित बयान देने के एक दिन बाद ही समाजवादी पार्टी नेता अबू आसीम आजमी ने शुक्रवार को कहा कि सच्चे मुसलमान भाजपा को वोट नहीं दे सकते।

आजमी ने एक दिन पहले ही यह कहकर विवाद खडा कर दिया था कि जो मुस्लिम उनकी पार्टी को मत नहीं देते, वे सच्चे मुस्लिम नहीं हैं।

आजमी ने कहा, ‘‘भाजपा का व्यवहार हमेशा से ही मुस्लिमों के प्रति क्रूर और अन्यायपूर्ण रहा है। कोई भी सच्चा मुसलमान कैसे भाजपा को वोट दे सकता है? जब मुलायम सिंह मुख्यमंत्री थे, उन्होंने बाबरी मस्जिद को गिराए जाने से बचाया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब उत्तर प्रदेश में मदरसों को आईएसआई का अड्डा कहा जाता था। लेकिन सपा सरकार के सत्ता में आने के बाद उन्हें न्याय मिला। अब कोई मदरसों का संबंध आईएसआई से जोड़ने की हिम्मत नहीं करता।’’ आजमी ने कहा कि मुस्लिमों के जुड़ने संबंधी भाजपा का दावा सही नहीं है।

आजमी ने आरोप लगाया, ‘‘जब भाजपा और उसकी ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की सार्वजनिक सभाएं होती हैं तो बुर्का पहनी महिलाएं और दाढ़ी वाले पुरुषों को भाजपा नेताओं के साथ मंच पर बैठाया जाता है ताकि यह गलत धारणा बन सके कि मुस्लिम भगवा दल का समर्थन कर रहे हैं। लेकिन वे ‘‘नकली’’ मुस्लिम हैं।’’ इस बीच भाजपा प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि ऐसे बयान वोट बैंक की राजनीति के लिए दिए जाते हैं।

शाइना ने कहा, ‘‘भाजपा उनके बयान की निंदा करती है। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो विगत में महिलाओं को अपमानित कर चुके हैं और अब अपनी पार्टी को अपमानित कर रहे हैं। मतदाताओं को उन्हें उचित जवाब देना चाहिए।’’ (एजेंसी)
First Published: Friday, May 2, 2014, 18:51
First Published: Friday, May 2, 2014, 18:51
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?