लखनऊ : लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर गुरुवार को 188 उम्मीवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस चरण में 11 जिलों की 12 सीटों हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हरदोई, फरुखाबाद, इटावा, कन्नौज और अकबरपुर में 24 अप्रैल को मतदान होना है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, उनकी पुत्रवधू डिंपल यादव और भतीजे अक्षय यादव के साथ-साथ विदेश मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता हेमा मालिनी, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता जयंत चौधरी और अमर सिंह जैसे दिग्गजों की किस्मत इस चरण में दांव पर होगी।
इन 12 सीटों पर मंगलवार शाम चुनाव प्रचार का शोर थम गया। प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, सपा नेता एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद महासचिव जयंत चौधरी ने जनसभाएं और रोड शो किए। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बुधवार को बताया कि कि इस चरण में कुल 1.98 करोड़ मतदाता 188 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान के लिए करीब 21,900 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
सिन्हा ने बताया कि सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर तो सबसे कम नौ उम्मीदवार हाथरस सीट से भाग्य आजमा रहे हैं। इन 12 सीटों में से वर्तमान में चार पर सपा, तीन पर कांग्रेस, दो पर रालोद, एक-एक पर भाजपा और बसपा का कब्जा है जबकि एक सीट निर्दलीय के पास है। इस चरण में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उसमें कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, हाथरस और हरदोई, फिरोजाबाद को सपा का गढ़ माना जाता है। निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा बलों की करीब 200 कंपनी तैनात की गई है।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) ए़ के.गुप्ता ने बताया कि करीब केंद्रीय अर्धसैनिक बल की 160 कंपनी, प्रांतीय सशस्त्र बल की 70 कंपनी पुलिस के करीब 50,000 जवानों की तैनाती की गई है। गुप्ता ने कहा कि अभी तक दो चरणों का चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है और अगले चरण के भी शांतिपूर्ण होने की उम्मीद है। राज्य में प्रथम चरण में 65 फीसदी और दूसरे चरण में 62 फीसदी मतदान हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 23, 2014, 14:23