
नई दिल्ली : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी ने कहा है कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में कांग्रेस के खिलाफ माहौल है और भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीट पर भाजपा विजयी होगी।
उत्तराखंड की टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल और अल्मोड़ा पांचों सीट पर 7 मई को मतदान होना है। मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही राज्य में चुनाव प्रचार भी तेजी पकड़ रहा है।
खंडूरी ने कहा कि भाजपा का चुनाव प्रचार अच्छा चल रहा है, राज्य में और केन्द्र के स्तर पर कांग्रेस के खिलाफ जो माहौल बना है उसका पार्टी को फायदा मिल रहा है। जनता कांग्रेस की नीतियों को देख और समझ चुकी है। खंडूरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ राज्य के वरिष्ठ मंत्री हरक सिंह रावत को उतारा है। मौजूदा लोकसभा में इस सीट से सतपाल महाराज सांसद हैं जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये।
सतपाल महाराज के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछने पर खंडूरी ने कहा, ‘महाराज का उत्तराखंड की राजनीति और उत्तराखंड के जनमानस में अपना आधार है, भाजपा को निश्चित ही इसका लाभ मिलेगा। राज्य में बड़ी संख्या में उनके अनुयायी भी हैं, पार्टी को उनका समर्थन भी मिलेगा।’ निर्वतमान 15वीं लोकसभा में उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटें कांग्रेस के खाते में गईं थीं। हालांकि, 2012 में टिहरी के सांसद विजय बहुगुणा को राज्य का मुख्यमंत्री बना दिये जाने के बाद खाली टिहरी सीट के उपचुनाव में भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीन ली थी।
वाजपेयी सरकार में केन्द्र में सड़क परिवहन मंत्री रह चुके खंडूरी ने कहा कि वह अपने चुनाव क्षेत्र में काफी समय बीता रहे हैं। कई जनसभायें कर चुके हैं और जनभावना को देख समझ रहे हैं। ‘जनता कांग्रेस के खिलाफ है। जनमानस अपना मन बना चुका है। इस बार उत्तराखंड की पांचों सीट पर भाजपा विजयी होगी। अगले कुछ दिनों में श्रीनगर (गढ़वाल) में भाजपा की बड़ी रैली होगी, नरेन्द्र मोदी इसे संबोधित करेंगे, भाजपा के और भी कई बड़े नेता यहां चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे।’ उत्तराखंड में दो बार मुख्यमंत्री रह चुके भुवनचंद्र खंडूरी का गढ़वाल सीट पर मुकाबला कांग्रेस के हरक सिंह रावत से है तो हरिद्वार सीट पर मुख्यमंत्री हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत के मुकाबले में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक हैं।
टिहरी लोकसभा सीट से महारानी माला राजलक्ष्मी शाह को भाजपा ने फिर टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र साकेत बहुगुणा को उनके सामने मैदान में उतारा है। नैनीताल से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने केसी सिहं बाबा पर ही अपना दांव खेला है। अल्मोड़ा सुरक्षित सीट से भाजपा ने अजय टमटा को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने प्रदीप टमटा को उतारा है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 1, 2014, 12:06