
नई दिल्ली : ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक ने केंद्र में सरकार के गठन के लिए राजग को समर्थन देने के मुद्दे पर बुधवार को अपने पत्ते नहीं खोले।
पटनायक ने कहा कि कोई बातचीत नहीं। हमने कुछ भी चर्चा नहीं की है। हमने इस बारे में अभी सोचा नहीं है। चुनाव परिणामों तक इंतजार कीजिए। भाजपा और बीजद के बीच राजग सरकार को संभावित समर्थन के मुद्दे पर बातचीत की अटकलों के बाद पटनायक की यह टिप्पणी आई है।
बीजद राजग की सहयोगी थी लेकिन 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले उसने राजग से नाता तोड़ लिया था। बीजद के एक वरिष्ठ नेता ने केन्द्र में सरकार के गठन में राजग को सशर्त समर्थन का संकेत दिया था। बीजद के मुख्य सचेतक प्रवत त्रिपाठी ने कहा कि पूरे देश की राय और राज्य के हित को ध्यान में रखते हुए केंद्र में सरकार बनाने के लिए राजग को सशर्त समर्थन देने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
बीजद के वरिष्ठ नेता जय पांडा ने हालांकि कहा कि इस मामले में पार्टी के अंदर चर्चा किये जाने की जरूरत है इस पर अंतिम फैसला पार्टी प्रमुख द्वारा किया जाएगा। इस बीच बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता पिनाकी मिश्र ने उम्मीद जताई कि उनकी पार्टी को लोकसभा चुनाव में दस से ज्यादा सीटें मिलेंगी और साथ ही राज्य में चौथी बार सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनाव में भी उसे पर्याप्त बहुमत मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में हमें कुल 21 सीटों में से 16-17 सीटें मिलेंगी। भाजपा को ओडिशा में अधिकतम एक या दो सीटें हासिल होंगी। कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। हमें विधानसभा में 147 में से 100-105 सीटें मिलेंगी और हम चौथी बार नवीन पटनायक के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 14, 2014, 14:53