चौथे चरण में 4 राज्यों की 7 सीटों पर मतदान जारी

चौथे चरण में 4 राज्यों की 7 सीटों पर मतदान जारीज़ी मीडिया ब्यूरो/प्रवीण कुमार

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव-2014 के चौथे चरण में आज चार राज्यों में 7 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। जिन राज्यों में आज चुनाव कराए जा रहे हैं उनमें गोवा की दो सीटों उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा, असम के करीमगंज, सिलचर और स्वायत्तशासी जिला, सिक्किम और त्रिपुरा की एक-एक सीट शामिल हैं। सिक्किम के 32 विधानसभा सीटों के लिए भी आज ही मतदान हो रहा है।

गोवा : प्रदेश के उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं जहां कुल 10 लाख 60 हजार 777 मतदाता अपनी-अपनी सीट से एक-एक उम्मीदवार को चुनकर लोकसभा भेजेंगे। इन दो सीटों के लिए यहां कुल 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान को संपन्न कराने के लिए 1622 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

असम : प्रदेश की तीन सीटों करीमगंज, सिलचर और स्वायत्तशासी जिला संसदीय सीटों के लिए आज लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत असम की तीन लोकसभा सीटों के लिए सुबह मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, इन तीन लोकसभा क्षेत्रों में करीब तीन करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में पांच लोकसभा क्षेत्रों को 7 अप्रैल को मतदान हुए थे। राज्य की शेष छह लोकसभा सीटों के लिए 24 अप्रैल को मतदान होंगे। इन तीनों सीटों के लिए कुल 37 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनके लिए 3698 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सिक्किम : प्रदेश की एकमात्र सीट के लिए आज यहां वोट डाले जा रहे हैं। कुल 538 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 70 हजार 731 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें एक वोट प्रवासी भारतीय मतदाता का भी शामिल है। इस एक सीट के लिए कुल 6 उम्मीदवार अपनी किस्मत को आजमा रहे हैं। सिक्किम के 32 विधानसभा सीटों के लिए भी आज ही मतदान हो रहा है। 20 साल से सत्तारूढ़ सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को इस चुनाव में नई पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा से कड़ी चुनौती मिल रही है। 32 विधानसभा सीटों के लिए कुल 121 प्रत्याशी मैदान में हैं।

त्रिपुरा पूर्व : यह सुरक्षित सीट है जहां कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें दो महिला उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। यहां कुल 11 लाख 40 हजार 269 मतदाताओं के लिए 1490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए करीब 8195 पर्यवेक्षक और सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। त्रिपुरा पश्चिम सीट पर 7 अप्रैल को पहले चरण के तहत चुनाव संपन्न हो चुके हैं।
First Published: Saturday, April 12, 2014, 09:05
First Published: Saturday, April 12, 2014, 09:05
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?