असम में तीन बजे तक 54, त्रिपुरा में 70 और सिक्किम में दो बजे तक 52.5% मतदान

असम में तीन बजे तक 54, त्रिपुरा में 70 और सिक्किम में दो बजे तक 52.5% मतदान गुवाहाटी/ अगरतला/गंगटोक/पणजी : असम की तीन लोकसभा सीटों पर शनिवार को हो रहे चुनाव में अपराह्न तीन बजे तक 54 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। जबकि त्रिपुरा में तीन बजे तक 70 प्रतिशत से ज्यादा, सिक्किम में 2 बजे तक लगभग 52.5 फीसदी मतदान और गोवा में दोपहर तक 40 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो गया है।

चुनाव आयोग सूत्रों ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और करीमगंज (सुरक्षित) सीट पर 55 फीसदी, सिलचर में 65 फीसदी और आटोनोमस डिस्ट्रिक्ट (स्वायत्त जिला) (सुरक्षित) में 45 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दीमा हसाओ और कर्बी आंगलोंग स्वायत्त जिला (सुरक्षित) में शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि आटोनोमस डिस्ट्रिक्ट और करीमगंज निर्वाचन क्षेत्रों में ईवीएम में गड़बड़ी की रिपोर्ट मिली लेकिन उन्हें तुरंत बदल दिया गया और मतदान बिना किसी बाधा के जारी रहा।

इन क्षेत्रों के 3,698 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की लंबी लंबी कतारें लग गयी थीं।

वहीं, त्रिपुरा राज्य की त्रिपुरा ईस्ट (अजजा) लोकसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर बाद त्रिपुरा में तीन बजे तक 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होने की खबर है।

निर्वाचन अधिकारी प्रशांत कुमार गोयल ने बताया कि मतदान प्रतिशत 70 प्रतिशत से ज्यादा हो जाएगा। इस क्षेत्र में सभी 30 विधानसभा सीटों के सभी मतों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान 11 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आ गयी जिन्हें जल्द ही बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

इस क्षेत्र में पिछले लोकसभा चुनाव में 83 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस सीट पर 1952 से 2009 के बीच हुए 15 लोकसभा चुनाव में से 11 में माकपा ने जीत दर्ज की है। माकपा 1996 से लगातार इस सीट पर जीत हासिल कर रही है।

हिमालय की गोद में बसे सिक्किम में एकमात्र लोकसभा सीट और 32 विधानसभा सीट के लिए सिक्किम में 2 बजे तक लगभग 52.5 फीसदी मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डी आनंदन ने बताया कि दो बजे तक 52.5 फीसदी मतदान हुआ।

नवनिर्मित सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के टेक नाथ धकल और एसडीएफ के सांसद प्रेमदास राय सहित कुल छह प्रत्याशी लोकसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में है। बत्तीस विधानसभा सीट के लिए 121 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन विधानसभा सीटों में से दो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं तथा 12 सीटें भूटिया और लेपचा समुदायों के लिए आरक्षित हैं।

मुख्यमंत्री पवन चामलिंग रिकार्ड लगातार पांचवी बार सत्ता में वापसी का प्रयास कर रहे हैं। वह दो निर्वाचन क्षेत्रों- नामची-सिंघीथांग और रंगांग-यांगांग से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस सभी सीटों, भाजपा 13 और टीएमसी 7 सीटों के लिये चुनाव लड़ रही है। पांच निर्दलीय भी मैदान में हैं।

गोवा में दोपहर तक 40 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो गया है। तेज गर्मी के बाद भी मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें देखी गयी। मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने भी आरंभ में ही मतदान किया। यहां दो लोकसभा सीट उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा में कुल 10,60,777 मतदाता हैं जिसमें 532469 महिलाएं हैं।

चुनाव अधिकारियों ने बताया है कि उत्तरी गोवा में 44.11 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि दक्षिणी गोवा में दोपहर तक 42.74 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान के शुरुआती तीन घंटे के दौरान केंद्रों के बाहर लोग कतार में खड़े थे। सात बजे मतदान शुरू हुआ और जैसे जैसे दिन चढता गया तेज गर्मी के कारण कतार छोटी होती गयी।

पार्रिकर ने पणजी में एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उत्तरी गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार रवि नायक ने पोंडा में मतदान किया। भाजपा के दक्षिण गोवा के उम्मीदवार नरेंद्र सवईकर ने भी अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल किया। उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस उम्मीदवार एलीक्सो रेजीनाल्डो लौरेंको ने कोरटोरिम में मतदान किया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 12, 2014, 17:54
First Published: Saturday, April 12, 2014, 17:54
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?