लोकसभा चुनाव 2014 : चौथे चरण में बड़ी तादाद में लोगों ने किया मतदान

लोकसभा चुनाव 2014 : चौथे चरण में बड़ी तादाद में लोगों ने किया मतदाननई दिल्ली : देश के चार राज्यों की सात सीटों पर शनिवार को हुए लोकसभा चुनावों में लोगों ने बड़ी तादाद में मतदान किया। पूर्वी त्रिपुरा में 81.8 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

गोवा की दो, असम की तीन और त्रिपुरा तथा सिक्किम की एक-एक सीट पर आज हुए मतदान में 50 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण के मतदान के जरिए 74 उम्मीदवारों का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में कैद हो गया।

चुनाव आयोग ने यहां बताया कि मतदान कमोबेश शांतिपूर्ण रहा। गोवा की उत्तर एवं दक्षिण सीटों में कुल 75 फीसदी मतदान हुआ। गोवा में दो लोकसभा सीटें हैं और दोनों पर आज ही मतदान संपन्न हो गया।

असम की तीन सीटों - स्वायत्त जिला, करीमगंज और सिलचर में 75 फीसदी मतदान हुआ। पिछले लोकसभा चुनाव में असम में 69.6 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य में कुल 14 लोकसभा सीटें हैं।

त्रिपुरा (पूर्वी) सीट पर हुए चुनाव में 81.8 फीसदी मतदान हुआ। बहरहाल, पिछली बार इस सीट पर 83.11 फीसदी मतदान हुआ था। सिक्किम में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हुआ। इस अकेली सीट पर 76 फीसदी मतदान हुआ। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में सिक्किम में 83.79 फीसदी मतदान हुआ था।

उप निर्वाचन आयुक्त आलोक शुक्ला ने कहा, ‘‘मतदान प्रतिशत में इजाफा हो सकता है क्योंकि हमें अंतिम आंकड़े अभी हासिल नहीं हुए हैं। मतदान केंद्रों पर अब भी लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।’’ उत्तर गोवा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार थे रवि नाइक, भाजपा की तरफ से मौजूदा सांसद श्रीपद नाइक और आम आदमी पार्टी ने दत्ताराम देसाई को टिकट दिया था। दक्षिण गोवा सीट पर कांग्रेस ने एलेक्सियो रेगिनाल्डो लॉरैंसो, भाजपा ने नरेंद्र सवाईकर और ‘आप’ ने स्वाति केरकर को उतारा है।

त्रिपुरा में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। माकपा के जीतेंद्र चौधरी सहित यहां 12 उम्मीदवार हैं। चौधरी त्रिपुरा के उद्योग मंत्री हैं। कांग्रेस ने जानेमाने शिक्षाविद सचित्र देवबर्मा, भाजपा ने पूर्व सैनिक परीक्षित देवबर्मा और तृणमूल कांग्रेस ने भृगुराम रियांग को अपना उम्मीदवार बनाया है। सिक्किम की एकमात्र लोकसभा सीट पर एसकेएम के टेक नाथ ढकाल एसडीएफ के मौजूदा सांसद प्रेम दास राय को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल एवं ‘आप’ ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

असम की करीमगंज (सुरक्षित) सीट और सिलचर में कांग्रेस, भाजपा एवं एआईडीयूएफ में कड़ा मुकाबला है। स्वायत्त जिला (सुरक्षित) में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 12, 2014, 20:27
First Published: Saturday, April 12, 2014, 20:27
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?