ज़ी मीडिया ब्यूरो अमरावती (महाराष्ट्र) : बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र के अमरावती में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि शहजादे सिर्फ गुजरात को गाली देते हैं और गुजरात के विकास पर सवालिया निशान लगाते हैं। इसके सिवा उन्हें कुछ और नजर ही नहीं आता है। दिल्ली सरकार के दिन अब पूरे हो चुके हैं।
मोदी ने कहा कि 2014 का नारा है `कमल और मोदी`। दिल्ली में अब कमल खिलने वाला है। मोदी ने कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कांग्रेस के शासन में हुए घोटालों और इन घोटालों में महाराष्ट्र से जुड़े कांग्रेस के नेताओं के आरोपी होने पर चुटकी ली। मोदी ने सवाल उठाया कि कॉमनवेल्थ गेम्स और आदर्श सोसायटी जैसे घोटाले यहीं से क्यों सामने आ रहे हैं। मोदी ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे यहां आते हैं तो किसानों के आंसू पोंछने, लेकिन गुजरात के विकास मॉडल को गाली देते रहते हैं। जब शहजादे यहां आते हैं तो ऐसा लगता है कि वो यह भूल जाते हैं कि केवल गुजरात में ही नहीं, देशभर में चुनाव होने वाले हैं। उन्हें गुजरात को गाली देने के बजाय यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार ने क्या किया। वह कहते हैं कि गुजरात के विकास मॉडल का गुब्बारा फूट जाएगा, लेकिन 2007 और 2012 में गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें पता चल गया होगा कि लोग सत्य के साथ हैं।
शरद पवार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री इसी राज्य से हैं लेकिन किसानों की रक्षा करने में नाकाम रहे हैं। उनके पास क्रिकेट पर बात करने के लिए वक्त है लेकिन मर रहे किसानों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी कहते थे, जय जवान, जय किसान, लेकिन आज की कांग्रेस सरकार का नारा है, `मर जवान, मर किसान`। मोदी ने कहा कि 1857 की लड़ाई के दौरान नारा था, कमल और रोटी लेकिन इस बार के चुनाव में नारा है कि कमल और मोदी। मोदी ने अपनी रैली में `कांग्रेस मुक्त भारत` का नारा भी दिया।
मोदी ने विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए कहा, `आम तौर पर देश में गठबंधन इसलिए बनाए जाते रहे हैं कि मौजूदा सरकार को हराया जाए लेकिन इस बार के चुनाव में तमाम दल मोदी को रोकने के लिए एकजुट हो रहे हैं। देश को लूटने वालों को पता है कि 16 मई के बाद उनकी जगह कहां होगी।
मोदी ने किसानों की आत्महत्याओं के लिए सुखिर्यों में रहे अमरावती में राकांपा नेता शरद पवार पर निशाना साधते हुए आज कहा कि कृषि मंत्री के पास क्रिकेट के विषय पर बात करने के लिए समय है लेकिन वह किसानों को ‘बचाने’ में असफल रहे हैं। मोदी ने कहा कि पवार ने इस क्षेत्र में किसानों को बचाने के लिए बहुत काम किया है जहां किसानों की आत्महत्याओं की अनेक घटनाएं हुई हैं। उन्होंने मतदाताओं से भारत और महाराष्ट्र को राकांपा से मुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री यहीं से हैं, इसके बावजूद वह किसानों को बचाने में असफल हैं। उनके पास क्रिकेट पर बात करने के लिए तो समय है लेकिन मरते किसानों के लिए नहीं। आइये राकांपा मुक्त भारत और महाराष्ट्र बनाएं।
मोदी ने स्थानीय निकाय कर की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि एलबीटी और कुछ नहीं बल्कि ‘लूटो बांटो टैक्स’ है। यह कर महाराष्ट्र के किसानों को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1857 में भारत को अंग्रेजों से मुक्त करने का आह्वान किया गया था और 2014 में आह्वान देश को कांग्रेस से मुक्त करने का है। उन्होंने आरोप लगाया, चाहे वह बेरोजगारी हो या किसान, उन्हें परवाह नहीं। दुख की बात यह है कि कांग्रेस के इन लोगों को नहीं पता कि गरीबी क्या है।
उन्होंने एक बार फिर राहुल गांधी को ‘शहजादे’ कहकर बुलाया और कहा कि क्या शहजादे को पता है कि ठंडी रातों में आश्रय के बिना सोने का दर्द क्या होता है। उन्होंने राष्ट्रमंडल और आदर्श घोटालों की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्होंने देश को इच्छानुसार लूटा। वे 16 मई के बाद कहां जाएंगे? 16 मई को मतगणना है और भाजपा को 10 वर्षों बाद सत्ता में आने का भरोसा है।
मोदी ने शिवसेना प्रमुख दिवंगत बाल ठाकरे का उल्लेख करते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे हमारे दिलों में बसते हैं। आइये कांग्रेस मुक्त महाराष्ट्र और भारत के उनके सपने को पूरा करें। उन्होंने कांग्रेस नीत संप्रग पर निशाना साधते हुए कहा कि आमतौर पर गठबंधन पदधाधिकारी सरकार को हराने के लिए बनते हैं लेकिन यह पहला चुनाव है जहां सभी मोदी को रोकने के लिए साथ आ रहे हैं। वे यह सुनिश्चित करने के लिए वह सब कुछ करना चाहते हैं कि मोदी सत्ता में नहीं आएं। मोदी ने इसके साथ ही राहुल गांधी पर हमला करने के लिए गुजरात पर राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) के पूर्व के सर्वेक्षण का उल्लेख किया।
उन्होंने सवाल किया कि आरजीएफ ने अपने सर्वेक्षण में कहा है कि गुजरात सबसे अधिक विकसित और प्रगतिशील राज्य है। तो क्या आप उस (फाउंडेशन) पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं जिसकी आपकी मां अध्यक्ष हैं? उन्होंने कहा कि ये चुनाव अच्छे शासन के लिए लड़ाई है। 16 मई के बाद अच्छे शासन का समय आएगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में मेरा पीछा कर रही है लेकिन वहां पिछले तीन विधानसभा चुनावों में वह बुरी तरह से नाकाम रही है। भाजपा नेता ने कहा कि राहुल कुछ दिन पहले विदर्भ में थे जहां काफी संख्या में किसानों ने आत्महत्याएं की हैं लेकिन उन किसानों के परिवारों को सांत्वना देने की बजाय वह मुझे ‘कोस’ रहे थे।
महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र फडनवीस और विधानसभा में शिवसेना के नेता सुभाष देसाई और अमरावती से शिवसेना के वर्तमान सांसद आनंदराव अदसुल ने भी सभा को संबोधित किया। अदसुल इस सीट से फिर से चुनाव मैदान में हैं। मोदी बाद में अकोला के लिए रवाना हो गए। गत एक सप्ताह के दौरान मोदी की विदर्भ में यह दूसरी चुनावी रैली थी। 20 मार्च को उन्होंने नागपुर के पास वर्धा में एक जनसभा को संबोधित किया था।
First Published: Sunday, March 30, 2014, 12:16