
भुवनेश्वर : ओडिशा में लोकसभा की 11 सीटों और विधानसभा की 77 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज जारी है। यहां 1.55 करोड़ से भी ज्यादा मतदाताओं के लिए कुल 18,692 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 1.41 लाख मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं।
राज्य के 13 जिलों में मतदाता 98 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। लोकसभा चुनावों के इन उम्मीदवारों में 11 महिलाएं भी शामिल हैं। विधानसभा चुनावों के लिए 747 उम्मीदवार मैदान में हैं और इनमें से 65 महिलाएं हैं। कुल 18,692 मतदान केंद्रों में से 329 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग का प्रबंध है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सेठी (बीजद) समेत कुल 98 उम्मीदवार लोकसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सांसद तथागत सत्पथी, बिजयंत पंडा, पिनाकी मिश्रा, भृतहरी महताब (सभी बीजद से) एक बार फिर लोकसभा चुनावों के लिए अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
विधानसभा चुनावों के लिए उतरे 747 उम्मीदवारों में राज्य के मंत्री महेश्वर मोहंती, प्रताप केसरी देब, बद्रीनारायण पात्रा, बिजोयश्री राउत्रे और दामोदर राउत शामिल हैं। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी मोना शर्मा ने कहा कि चुनावों में माओवादियों से कोई खतरा नहीं है। हालांकि क्योंझर, मयूरभंज और जाजपुर जिलों में कुछ वाम चरमपंथियों की मौजूदगी है। कुल सुरक्षा बलों की 406 कंपनियों को चुनाव के लिए तैनात किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 17, 2014, 09:19