ज़ी मीडिया ब्यूरो अमेठी : प्रियंका गांधी ने अपने चचरे भाई वरुण गांधी पर एक बार फिर से निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि ‘लोकसभा चुनाव विचारधारा की लड़ाई है और यह परिवार की चाय पार्टी नहीं है।’ रास्ता से भटकने वाले प्रियंका के बयान पर वरुण के कटु जवाब के बाद भी प्रियंका ने कहा कि अगर उनके बच्चे ने भी ऐसा किया होता वह उसे भी माफ नहीं करतीं।
परोक्ष रूप से वह भाजपा के टिकट पर वरुण के चुनाव लड़ने का हवाला देते हुए कह रही थीं। राहुल गांधी के अमेठी संसदीय क्षेत्र के बगल में सुल्तानपुर से वरूण के भाजपा उम्मीदवार के तौर पर परचा दाखिल करने के दिन उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह फैमिली टी पार्टी नहीं है। यह विचारधारा की लड़ाई है। अपने बच्चे को भी माफ नहीं करती अगर उसने ऐसा किया होता।
प्रियंका ने कहा कि वह वीडियो के लीक होने पर निराश नहीं हैं जिसमें उन्होंने वरुण के बारे में कहा है। प्रियंका कहा कि वह उनके विचार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी लीक होने के बाद उन्होंने वरूण से बातचीत नहीं की है। प्रियंका के इस बयान पर वरुण की मां मेनका ने तत्काल अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि देश की सेवा करते हुए वह रास्ता भटक गए हैं या नहीं, इसका फैसला देश करेगा।
वरुण ने सुल्तानपुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है। उन्होंने कहा कि हमें निजी हमले करने के बजाय बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, गरीबी और निरक्षरता पर बहस करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें संवाद का स्तर उपर उठाने की कोशिश करना चाहिए ना ना कि उसे नीचे करने का प्रयास करना चाहिए। जब हम निजी आलोचना पर केंद्रित राजनीति करते हैं तो हमारा ध्यान हमारे समय के अहम मुद्दों से भटक जाता है। अगर भारत को उम्मीद की राजनीति की ओर बढ़ना है तो हमें बहस का स्तर उपर उठाना होगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Tuesday, April 15, 2014, 17:34