
कथलाल (गुजरात) : भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने 2004 में प्रधानमंत्री नहीं बनकर देश को धोखा दिया था।
खेड़ा जिले के कथलाल में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘2004 में कांग्रेस को बहुमत मिला था, लेकिन सोनिया गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनी। क्या यह विश्वासघात नहीं है?’ सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू ने ‘एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ नाम की पुस्तक लिखी है। मनमोहन सिंह दुर्घटनावश प्रधानमंत्री बने। उन्होंने (बारू) स्पष्ट रूप से लिखा है कि केंद्र की सरकार प्रधानमंत्री नहीं चला रहे हैं बल्कि इसे 10 जनपथ (सोनिया गांधी का निवास) चला रहा है।
उन्होंने कहा, ‘सोनिया सुपर पीएम हैं जो यह सरकार चला रही है। भाजपा प्रमुख ने सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘हमनें कई घोटाले देखे हैं 2जी, 3जी, सीडब्ल्यूजी और जीजाजी।’
सिंह ने कहा, ‘जब कोई पंडित जवाहरलाल नेहरू से पूछता था कि क्या भारत कभी मजबूत बन पाएगा, वह जवाब देते कि हम राष्ट्र निर्माण में लगे हुए हैं। यहां तक कि आज भी हम कांग्रेस द्वारा भारत निर्माण के विज्ञापन देखते हैं। यह भारत निर्माण कब तक चलता रहेगा।’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक ऐसा वक्त था जब इंदिरा गांधी कहा करती थी कि जब वह गरीबी दूर करने की कोशिश कर रही हैं ऐसे में जनसंघ उन्हें पद से हटाना चाहता है लेकिन आज तक गरीबी खत्म नहीं हुई है।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस ने अपने किसी वादे को पूरा नहीं किया। सिंह ने आरोप लगाया, ‘अब वे (कांग्रेस) खाद्य सुरक्षा विधेयक लाये। इसकी क्या जरूरत है?’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संप्रग सरकार देश को ‘कमजोर’ कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत कमजोर हो रहा है। यहां तक छोटे देश भी हमारी अवज्ञा कर रहे हैं। अरूणाचल प्रदेश पर दावा करते हुए चीन हमारी सीमाओं में सेंध लगा रहा है। पाकिस्तानी सैनिक हमारी सरजमीं में घुसपैठ कर रहे हैं, हमारे सैनिकों की हत्या कर रहे हैं, उनका सिर कलम कर रहे हैं लेकिन सोनिया और मनमोहन खामोश हैं।
सिंह ने कहा, ‘यह मत सोचिए कि हमारी सेना कमजोर है। इसे खुली छूट दे दीजिए और देखिए कि यह कितनी मजबूत है। लेकिन इसके लिए साहस की जरूरत है और प्रधानमंत्री तथा सोनिया गांधी के पास साहस नहीं है।’ भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘आपने 100 दिनों में (सत्ता में आने पर) महंगाई पर काबू पाने का वादा किया था। मैं सोनिया गांधी से पूछना चाहुंगा कि कांग्रेस के शासनकाल में महंगाई क्यों बढ़ी है।’ राजनाथ ने दावा किया कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लहर नहीं बल्कि ‘सुनामी’ है और पार्टी 300 सीट जीतेगी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 24, 2014, 20:15