
जालौन : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को कहा कि देश में पिछड़े मुसलमानों के जीवन स्तर में सुधार लाने की बहुत जरूरत है और केन्द्र में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर दलितों की तरह गरीब मुसलमानों को भी आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
यादव ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि आज दस्तकारी और छोटे-मोटे तकनीकी कार्यों में मुसलमानों की भागीदारी सबसे ज्यादा है। इसके बावजूद मुस्लिम आज तक विकास की मुख्यधारा में बहुत पीछे हैं। मुल्क को आगे बढ़ाने के लिये मुसलमानों के जीवन स्तर में सुधार लाने की बहुत जरूरत है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र में अगर सपा की सरकार बनी तो गरीब और अतिपिछड़े मुसलमानों को दलितों की तरह ही आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। सच्चर समिति की सिफारिशों को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
यादव ने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों ही पार्टियां मुसलमानों की विरोधी हैं। दोनों ने ही केन्द्र में अपने-अपने शासनकाल में मुस्लिमों के विकास के लिये कोई ठोस कदम नहीं उठाये।
उन्होंने कहा कि विगत 20 वर्षों से केन्द्र में साझा सरकारें बनती रही हैं और आज भी बिना सपा की मदद के केन्द्र में सरकार नहीं बनने वाली। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘मोदी के गुजरात में सिर्फ 26 लोकसभा सीटें हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 80 सीटें हैं। फिर भी मोदी हमसे बराबरी करना चाहते हैं। वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि केन्द्र में सपा की सरकार बनने पर पत्रकारों और वकीलों के लिये कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएगी। सभी के लिये शिक्षा मुफ्त होगी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 26, 2014, 19:45