भुवनेश्वर : मुख्यमंत्री नवीन पटनायक तथा पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल तथा गिरिधर गमांग ओडिशा के उन 766 प्रत्याशियों में हैं जो 10 अप्रैल को पहले चरण में 10 ससंदीय सीटों और 70 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए मैदान में उतरे हैं।
48 उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद 70 विधानसभा सीटों के लिए 668 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। दो प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज होने के बाद 98 प्रत्याशी दस लोकसभा सीटों के लिए चुनाव मैदान में रह गए हैं। किसी भी प्रत्याशी ने लोकसभा सीटों के लिए अपना नाम वापस नहीं लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग कोरापुट लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कालाहांडी से सांसद भक्त चरण दास, नबरंगपुर से कांग्रेस सांसद प्रदीप माझी, बोलनगीर से बीजद सांसद कलिकेश सिंहदेव, बरहमपुर से बीजद सांसद सिद्धांत महापात्रा भी चुनाव की दौड़ में हैं। ओडिशा में लोकसभा की 21 सीटें हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 27, 2014, 23:44