
भुवनेश्वर : ओडिशा में भारी जीत हासिल कर बीजू जनता दल ने लोकसभा चुनाव का रुख अपनी तरफ मोड़ लिया है। यहां बीजद ने 21 सीटों में से 20 सीट हासिल की हैं। कांग्रेस को यहां एक भी सीट नहीं मिली हैं जबकि भाजपा एक सीट पाने में सफल रही।
बीजद को 44.1 फीसदी वोट और भाजपा को 21.5 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस को कुल वोट का 26 फीसदी वोट मिले हैं जो कि भाजपा से ज्यादा है। राज्य में बीजेपी एक सीट (सुंदरगढ़) पर जीत हासिल करने में सफल रही लेकिन कांग्रेस एक भी सीट हासिल करने में असफल रही।
बालेश्वर सीट पर बीजद के रबिन्द्र कुमार जेना ने कांग्रेस के दिग्गज और केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना को हराकर जीत हासिल की। श्रीकांत को न सिर्फ शर्मनाक हार का सामना करना बल्कि वे तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सारंगी दूसरे नंबर पर रहे। कांग्रेस ने 2009 के चुनाव में छह सीट पर जीत दर्ज की थी। इस बार कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में सबसे खराब पराजय का सामना करना पड़ा। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 17, 2014, 16:32